भाजपा कार्यकर्ता की गोली मारकर की हत्या

भाजपा कार्यकर्ता की गोली मारकर की हत्या

केटी न्यूज/आरा 

नगर थाना क्षेत्र के मझौंवा बांध के समीप मंगलवार की सुबह एक भाजपा कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली उसके बायें साइड सीने में करीब से मारी गई है। उसमें उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अस्पताल ले जाने पर डाक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। मृतक सिन्हा थाना क्षेत्र के कुदरिया गांव निवासी हेमंत कुमार सिंह उर्फ टुनटुन सिंह का 26 वर्षीय पुत्र प्रिंस सिंह था। फिलहाल वह अपने परिवार के साथ नगर थाने के गौसगंज में रहता था। उसकी पत्नी आशा देवी भारत सरकार के जल, शक्ति मंत्रालय, पेयजल और स्वच्छता विभाग में कर्मचारी है और फिलहाल यूपी के वाराणसी में पोस्टेड हैं।

प्रिंस सिंह भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के प्रचार में वह बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहा था। स्थानीय सांसद आरके सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष अध्यक्ष दुर्गा राज के साथ उसका फोटो भी वायरल हो रहा है। सात कट्टा जमीन के विवाद में हत्या करने की बात कही जा रही है। आरोप गांव के ही एक व्यक्ति पर लगाया जा रहा है। सुबह-सबेरे हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष देवराज राय और अपर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उसके बाद बाद दोनों अधिकारी युवक के घर गौसगंज पहुंचे और परिजनों से मिल घटना की पूरी जानकारी ली। इधर, पुलिस द्वारा एक्स-रे के दौरान युवक के पैंट के पॉकेट से तीन गोली बरामद की गयी। पोस्टमार्टम के दौरान शव से भी एक बुलेट मिला है। उसके मौसा अधिवक्ता हरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रिंस सिंह का गांव के ही हरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति से सात कट्ठा जमीन को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।

उसे लेकर वह पंचायती कराने का प्रयास कर रहा था। उसके लिए वह स्थानीय विधायक के पास भी कई बार गया था। मंगलवार की सुबह भी वह उसी सिलसिले बाइक से पुलिस लाइन की ओर जा रहा था। तभी पीछा कर रहे अपराधियों द्वारा मझौंवा बांध के समीप उसे गोली मार दी गयी। उसके बाद उसके साथियों द्वारा उसे तत्काल इलाज के लिए बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डाक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सूचना मिलने पर परिजन भी  अस्पताल पहुंचे और शव लेकर घर चले गए। तब टाउन थाना की पुलिस उसके घर पहुंची और शव को कब्जे में पोस्टमार्टम करवाया गया। मौसा हरेंद्र सिंह की ओर से जमीन विवाद में गांव के हरेंद्र सिंह और उसके बेटों पर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है।बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।