घर से सब्जी खरीदने गया स्नातक की छात्र की चाकू मारकर हत्या, चेहरे पर मिला दस से अधिक निशान मचा कोहराम

घर से सब्जी खरीदने गया स्नातक की छात्र की चाकू मारकर हत्या, चेहरे पर मिला दस से अधिक निशान मचा कोहराम

केटी न्यूज/आरा

घर से सब्जी खरीदने गए युवक की धारदार हथियार से हमला कर अपराधियों ने मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली घर में कोहराम मच गया। घटना जिले के  उदवंतनगर थाना क्षेत्र के खजुआता गांव के पास हुई। जहां सड़क के किनारे युवक का खुन से लथपथ शव मिला। शव मिलने के बाद गांव में सनसनी मच गई। वहीं स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मृत युवक चेहरे और ललाट पर करीब दस जगहों पर धारदार हथियार के जख्म के निशान पाए गए हैं। उसके जैकेट से मिले मोबाइल के जरिए उसकी पहचान की गयी। छात्र मूल रूप से तरारी थाना क्षेत्र के कपूरडिहरा गांव निवासी देवकी सिंह का 21 वर्षीय पुत्र भानु प्रताप सिंह था। वह करीब 25 वर्षों से नवादा थाना क्षेत्र केजी रोड में अपने मकान में रहता था। वह दारोगा की परीक्षा की तैयारी कर रहा था। हत्या का कारण फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि उसके पिता की ओर से घरेलू विवाद में बड़े बेटे के साले और ससुर पर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। इधर, पुलिस दो-तीन अन्य एंगल से छानबीन कर रही है।

  छात्र के पिता देवकी सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम उसने करीब चार बजे उनकी भानू प्रताप से बातचीत हुई थी। उसके बाद रात करीब आठ बजे सब्जी खरीदने की बात कह वह निकला था, लेकिन देर रात घर नहीं लौटा। उसके बाद उसकी काफी खोजबीन की गयी। रिश्तेदारों और उसके दोस्तों से फोन कर जानकारी ली गयी। उसके बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल पाया। इस बीच शनिवार की सुबह सूचना मिली कि खजुआता गांव स्थित सड़क किनारे से एक युवक का शव मिला है। सूचना पर वे सदर सदर अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की।  एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि एक युवक का शव बरामद किया गया है। युवक के पिता के बयान पर करनामेपुर ओपी के लालू डेरा निवासी समधी नारायण यादव और उनके पुत्र विनोद यादव के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी जा रही है। मामले की हर एंगल से छानबीन की जा रही है।