संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

- पिता का आरोप: दामाद का था अवैध संबंध, विरोध करने पर जहर देकर मार डाला 

- शव के पोस्टमार्टम के बाद छानबीन और आरोपितों की धर पकड़ में जुटी पुलिस 

केटी न्यूज/आरा

जिले के अजीमाबाद थाना क्षेत्र के डिहरा गांव में बुधवार की रात जहर खाने से महिला की मौत हो गई। उसका शव घर के दरवाजे पर रखा हुआ पाया गया। मृत महिला डिहरा गांव निवासी हितेश यादव की 26 वर्षीया पत्नी जूली देवी थी। मायके वालों की ओर से पति के अवैध संबंधों का विरोध करने पर मारपीट और जहर खिला जूली की हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। इधर, जूली देवी के पिता नंदजी सिंह ने बताया कि उनका दामाद बदचलन था। उसका कई लड़कियों से अवैध संबंध था। कुछ समय पूर्व एक लड़की को भगा भी ले गया था। उस मामले में उसके खिलाफ आरा कोर्ट में केस भी चल रहा है। जूली उसका अक्सर विरोध करती रहती थी।‌ उसके कारण वह उसके साथ हमेशा मारपीट करता था। उसी विवाद में बुधवार को उसने और उसके परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा जहर खिला जूली को मार डाला गया है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस का मानना है कि जहर खाने से मौत होने की बात ही सामने आ रही है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला पूरी तरह स्पष्ट होगा। वहीं इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। 

बहला-फुसलाकर जूली को ले गये ससुराल : 

नंदजी सिंह के अनुसार जूली की शादी 2013 अजीमाबाद थाना क्षेत्र के हितेश यादव के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही उसे अपने पति के अवैध संबंधों की जानकारी मिल गयी। उसके बाद से ही पति और ससुराल वालों द्वारा उसके साथ मारपीट की जाने लगी। पति के अलावे उसके परिवार के सभी सदस्यों द्वारा मारपीट की जाती थी। उस‌ कारण वह अधिक समय मायके में ही रहा करती थी। इसी बीच उनकी पत्नी की तबीयत खराब हो गई। उसके कारण वह पटना में रहकर अपनी पत्नी का इलाज करा रहे थे।तभी जूली का पति उनके घर आया और बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ ससुराल लेकर चला गया। वहां फिर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। इस बीच बुधवार की रात फोन से सूचना मिली की जहर खाने से जूली की मौत हो गई है। जूली की मौत के बाद उसके मायके में कोहराम मचा है। उसे एक 6 वर्षीया पुत्री रिया भी है। वह अपने एक भाई और पांच बहनों में मांझिल थी। उसके परिवार में मां इंद्रपातो देवी, बहन सविता, गुड़िया, प्रियंका, अनुराधा और भाई किशन है।