कोरानसराय में ईंट भट्ठा के नाइट गार्ड की गोली मार हत्या, जांच में जुटी पुलिस

कोरानसराय में ईंट भट्ठा के नाइट गार्ड की गोली मार हत्या, जांच में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/डुमरांव

कोरान सराय में एक ईट भट्टा के नाइट गार्ड की गोली मार हत्या कर दी गई है। गोली नजदीक से कनपटी के पास मारी गई है। घटना देर रात की है। आसपास के लोगों को सुबह में इस घटना की जानकारी हुई। ईट भट्ठा पर खून से लथपथ गांव को देख इसकी सूचना उसके परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही कोरान सराय पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले जांच में जुट गई है। मृतक सत्येंद्र यादव उम्र 45 वर्ष पिता स्व सोनू यादव कचइनीया डेरा ( बसगितिया ) का रहने वाला था तथा वह कोरानसराय केसठ नहर मार्ग के किनारे स्थित रायल ईंट भट्ठा पर नाइट गार्ड का काम करता था। यह ईंट भट्ठा नाजिर गंज के मुमताज अंसारी का है। पुलिस प्रथम दृष्टया कुछ भी बताने से परहेज कर रही है।

वैसे ग्रामीण सूत्रों की माने तो मृतक का गांव में ही अपने पड़ोसियों के साथ रास्ते का विवाद चल रहा था। उसकी हत्या जमीन विवाद में की गई है या फिर लूटपाट के नियत से यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। कोरान सराय थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इसकी गहराई से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों से बात कर तथा सूक्ष्मता से जांच कर पुलिस जल्दी ही इस मामले की उद्भेदन कर लेगी। सत्येंद्र की हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है । जबकि इस हत्याकांड को अंजाम दे अपराधियों ने कोरान सराय के नए थानाध्यक्ष को तगड़ी चुनौती दी है।