डुमरांव नगर परिषद की बजट बैठक संपन्न, सर्व सम्मति से 75 करोड़ 47 लाख का बजट पारित

डुमरांव नगर परिषद की बजट बैठक संपन्न, सर्व सम्मति से 75 करोड़ 47 लाख का बजट पारित

- बजट में नली, गली, जल जीवन हरियाली व शहरी आवास योजना पर रहा जोर

- बजट बैठक के बाद आयोजित हुआ आम सभा, लोगों ने गिनाई समस्याएं

केटी न्यूज/डुमरांव

सोमवार को डुमरांव नगर परिषद का बजट बैठक संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद सुनीता गुप्ता व संचालन कार्यपालक पदाधिकारी अनिरूद्ध प्रसाद ने किया। बैठक में सर्व सम्मति से वित्तीय वर्ष 2024725 के लिए 75 करोड़ 47 लाख 57 हजार 500 रूपए का बजट स्वीकृत किया गया। जिसमें मुख्य रूप से डुमरांव को जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए भूमिगत नाली निर्माण, नली गली, शहरी आवास योजना तथा जल जीवन हरियाली आदि को शामिल किया गया है।

बैठक के दौरान सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे। इस दौरान मुख्य पार्षद ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र को विकसित व सुंदर बनाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि बजट में नगर परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने पार्षदों से सहयोग की अपील की। हालांकि उम्मीद के विपरीत यह बैठक शांतिपूर्ण माहौल में सपंन्न हुई। बैठक में वार्ड पार्षद सुभद्रा देवी ने सदस्यों को बजट के प्रारूप की हस्ताक्षरयुक्त कॉपी नहीं देने का आरोप लगाया।

वही उन्होंने पिछले दो वित्तीय वर्ष में खर्च की गई राशि को धरातल पर दिखाई नहीं देने की बात भी कही। बैठक में मुख्य पार्षद व कार्यपालक पदाधिकारी के अलावे उप मुख्य पार्षद विकास ठाकुर, पार्षद अनु देवी, उषा देवी, आनंद कुमार, कन्हैया राम, धनंजय पांडेय, कंचन सिन्हा, लक्ष्मण चौधरी समेत कई अन्य मौजूद थे। 

बजट बैठक के बाद आयोजित हुआ आम सभा

इस बजट बैठक के बाद नगर परिषद प्रशासन द्वारा आम सभा का आयोजन भी किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस आम सभा में सबसे अधिक नल जल योजना को लेकर लोगों ने शिकायत की। वही बढ़े होल्डिंग टैक्स समेत कई अन्य समस्याओं को आम जनता ने नगर परिषद प्रशासन के सामने रखा।

जिस पर कार्यपालक पदाधिकारी व मुख्य पार्षद ने तत्काल समाधान के आश्वासन दिए। इस दौरान सामाजिक मंच के प्रदीप शरण, अमित कुमार, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सुमित गुप्ता, उप मुख्य पार्षद विकास ठाकुर, दीनानाथ कुशवाहा समेत कई अन्य मौजूद थे।