नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई के लिए बक्सर पुलिस की अपील, विशेष टीम का गठन
जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से बक्सर पुलिस ने आमजनों से सहयोग की अपील की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्किंग फोर्स) नामक विशेष टीम का गठन किया गया है।
केटी न्यूज/बक्सर:
जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से बक्सर पुलिस ने आमजनों से सहयोग की अपील की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्किंग फोर्स) नामक विशेष टीम का गठन किया गया है।जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह विशेष टीम पूरे बक्सर जिले में सतत निगरानी रखते हुए छापेमारी अभियान चलाएगी।

टीम का मुख्य उद्देश्य चरस, गांजा, अफीम और हेरोइन जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों का कारोबार समाज के लिए गंभीर खतरा है और इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, इसलिए इसे जड़ से समाप्त करना जरूरी है।बक्सर पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास या उनकी जानकारी में कहीं भी चरस, गांजा, अफीम या हेरोइन जैसे मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री या तस्करी की गतिविधि हो रही हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त सूचना पर विशेष टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी।प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए आम नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाएं और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सूचना देकर प्रशासन की मदद करें।

नागरिकों की सुविधा के लिए पुलिस ने एक संपर्क नंबर भी जारी किया है, जिस पर मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी दी जा सकती है। इसके अलावा आपात स्थिति में लोग 112 नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं। बक्सर पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 06183-295039 और 9031826744 पर भी सूचना दी जा सकती है। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही जिले को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

