सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए ईद व परशुराम जयंति शांति भंग या उपद्रव करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई - डीएम

सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए ईद व परशुराम जयंति शांति भंग या उपद्रव करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई - डीएम

- डुमरांव में आयोजित शांति समिति की बैठक में मौजूद रहे डीएम

- डीएम ने पुलिस पदाधिकारियों को सोसल मीडिया पर पैनी नजर रखने का दिया निर्देश

केटी न्यूज/डुमरांव 

पर्व त्योहार खुशी के प्रतीक है। इसे सौहार्द भरे वातावरण में मनाना चाहिए। पर्व त्योहारों पर शांति भंग करने या उपद्रव करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उक्त बातें सोमवार को बक्सर डीएम अंशुल अग्रवाल ने डुमरांव में कही है। वे डुमरांव अनुमंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित शांति समिति की बैठक में भाग लेने आए थे। शांति समिति की यह बैठक आगामी ईद व परशुराम जयंति जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के लिए आयोजित की गई थी। संभावना है कि 22 अप्रैल को दोनों त्योहार एक साथ मनाया जाएगा। जिस कारण प्रशासन की कवायदें बढ़ गई है। दोनों धर्माे के प्रमुख त्योहार एक साथ पड़ने से प्रशासन काफी गंभीर हो गया है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि खुद डीएम इस बैठक में शामिल होने आए थे। उन्होंने कहा कि पर्व त्योहारों के दौरान शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि ईद की नमाज के दौरान सुबह में बड़ी संख्या में पुलिस बल ईदगाह के साथ ही चिन्हित नुक्कड़ो पर तैनात किए जाएंगे।

ईद की नमाज के दौरान स्टेशन रोड में वाहनों का परिचालन रोक दिया जाएगा। ईदगाह के दोनों तरफ पुलिस के जवान बैरियर लगा खड़े रहेंगे। डीएम ने पुलिस को साइबर सेनानी गु्रप को ऐक्टिव रखने तथा फेसबुक, व्हाट्सऐप जैसे विभिन्न सोसल साइटों पर नजर रखने को भी कहा है ताकी शरारती तत्व किसी तरह के अफवाह फैलाने में सफल न हो जाए। इसके अलावे इस बैठक में ईद के पहले ईदगाह तथा पूरे शहर की विशेष साफ सफाई का निर्देश नगर परिषद प्रशासन को दिया गया। जबकि बिजली की आपूर्ति निर्बाध रखने के लिए बिजली कंपनी को निर्देश दिया गया।

इसके अलावे भी कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित दोनों समुदायों के लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में पर्व त्योहार मनाने का आश्वासन प्रशासन को दिया। बैठक की अध्यक्षता एसडीओ कुमार पंकज ने की। इस मौके पर पर जिला उप विकास आयुक्त डॉ महेंद्र पाल, अनुमंडल निर्वाचन पदाधिकारी नवाज सरफराज, लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी धनंजय त्रिपाठी, अंचलाधिकारी अंकिता सिंह, बीडीओ संतोष कुमार के अलावे अनुमंडल के सभी थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

डुमरांव के साथ नया भोजपुर में रहेगी विशेष सतर्कता

वही एसडीओ कुमार पंकज ने कहा कि ईद को देखते हुए अनुमंडल के सभी थानाध्यक्षों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है। अभी से भी चौकसी बढ़ा दी गई है। मस्जिदों तथा उसके आस पास के इलाके की साफ सफाई करवाई जा रही है। एसडीएम ने कहा कि ईद के पूर्व सभी मस्जिदों की सफाई करवा दी जाएगी।

वही मुख्य नमाज के दौरान ईदगाहों पर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में दंडाधिकारियों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि डुमरांव के साथ ही नया भोजपुर में विशेष सतर्कता बरने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावे सभी जगहों पर पुलिस के जवान पूरे दिन पेट्रोलिंग करेंगे। उन्होंने अनुमंडलवासियों से आपसी भाईचारा के वातावरण में त्योहार मनाने की अपील भी की है।