फूड फेस्टिवल में बच्चों ने दिखाया हुनर, स्वाद और उत्साह से गुलजार रहा पाथवेज वर्ल्ड स्कूल परिसर
केटी न्यूज/डुमरांव स्थानीय पाथवेज वर्ल्ड स्कूल, डुमरांव में सोमवार को आयोजित फूड फेस्टिवल बच्चों के उत्साह, रचनात्मकता और स्वादिष्ट व्यंजनों की खुशबू से गुलजार रहा। पूर्वी गुमटी, टेक्सटाइल कॉलोनी, बड़ा बाग रोड स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर इंजीनियर आर. राघवन और प्रिंसिपल डॉ. नेहा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद दोनों ने अतिथियों के साथ बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉल का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।

फूड फेस्टिवल की शुरुआत सुबह 10 बजे से ही हो गई थी। विद्यालय परिसर में बच्चों और अभिभावकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार कर स्टॉल लगाए। इनमें मोमोज, पानी पुरी, चाउमीन, फ्राई राइस, पनीर चिल्ली, रॉयल पूरी, शेव पूरी, ब्रेड पकोड़ा, पास्ता, लिट्टी-चोखा, चाय-कॉफी, बेकरी आइटम, इडली, समोसा, आलू टिक्की और समोसा चाट जैसे स्वादिष्ट व्यंजन शामिल थे। बच्चों ने न केवल इन व्यंजनों को तैयार किया बल्कि उन्हें आकर्षक तरीके से सजाकर प्रस्तुत भी किया।

विद्यालय के डायरेक्टर इंजीनियर आर. राघवन ने कहा कि इस तरह के फूड फेस्टिवल से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें मनी मैनेजमेंट, व्यवहारिक ज्ञान तथा व्यवसाय में लाभ-हानि जैसी व्यावहारिक बातों की समझ विकसित होती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस फेस्टिवल में जूनियर क्लास से लेकर कक्षा आठ तक के कई विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें दिव्या, यशिका, सनाया शेख, अख्तर, अमरकांत, आयुष, अदिति, स्नेहा, शिवानी, सलोनी, निशा, सृष्टि, निखिल, बलवंत, अनुष्का, नीरज, सत्यम, सूरज, रवि, निशान, अंशु, अथर, आलिया, बबली, धनु, राजलक्ष्मी और सत्या सहित कई छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार की भी अहम भूमिका रही। शिक्षकों और कर्मचारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। फूड फेस्टिवल ने बच्चों को सीखने के साथ-साथ मनोरंजन का भी शानदार अवसर प्रदान किया।
