एलपीजी कालाबाजारी पर सख्ती, ईद व बिस्मिल्ला खां महोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एलपीजी आपूर्ति, आगामी ईद-उल-फितर और उस्ताद बिस्मिल्ला खां महोत्सव को लेकर प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर सख्त नजर रखी जा रही है और इसमें लिप्त प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

केटी न्यूज/बक्सर:
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एलपीजी आपूर्ति, आगामी ईद-उल-फितर और उस्ताद बिस्मिल्ला खां महोत्सव को लेकर प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर सख्त नजर रखी जा रही है और इसमें लिप्त प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने बताया कि 13 मार्च से 19 मार्च 2026 के बीच कुल 35,971 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया है, जबकि 19 मार्च तक एजेंसियों के पास 4,039 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वरीय पदाधिकारी लगातार बड़े प्रतिष्ठानों की भौतिक जांच कर रहे हैं। उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (06183-223333) 24 घंटे सक्रिय है। अब तक प्राप्त 126 शिकायतों में से 81 का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष पर कार्रवाई जारी है।

__ महोत्सव में सजेगी सांस्कृतिक महफिल
डीएम ने बताया कि 21 मार्च 2026 को राज +2 हाई स्कूल में भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्ला खां की स्मृति में भव्य महोत्सव आयोजित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों से होगी, जिसके बाद शबरी ब्रदर्स (जयपुर घराना), राकेश राज सानू और बिस्मिल्ला खां घराना के कलाकारों द्वारा शहनाई वादन की प्रस्तुति दी जाएगी।

__ ईद को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। 20 मार्च से 21 मार्च तक सुबह 6 बजे से पर्व समाप्ति तक जिले में 129 दंडाधिकारी, 31 गश्ती दल और 2 जोनल दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। साथ ही आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम का गठन किया गया है।सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां साइबर सेनानी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जिला नियंत्रण कक्ष को आपदा शाखा में सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

