बक्सर में मुंडन संस्कार कराने वालों की उमड़ी भीड़, पूरे दिन लगा रहा महाजाम

बक्सर में मुंडन संस्कार कराने वालों की उमड़ी भीड़, पूरे दिन लगा रहा महाजाम

- बिहार व यूपी के कई जिलों से मुंडन करवाने बक्सर आए थे श्रद्धालु, गोलंबर से रामरेखा घाट व रेलवे स्टेशन तक लगा रहा जाम

केटी न्यूज/बक्सर

बुधवार को बक्सर में मुंडन संस्कार कराने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। अहले सुबह से दोपहर तक विभिन्न मार्गों सेे मुंडन कराने वाले रामरेखा घाट पहुंच रहे थे। इस दौरान बक्सर में महाजाम लग गया था। सुबह से शाम तक जाम के कारण बक्सर की किसी भी सड़क पर पैदल चलने तक की जगह नहीं बची थी। जाम हटवाने में पूरे दिन पुलिस व प्रशासन को मशक्कत करनी पड़ी।

हालांकि, प्रशासन द्वारा मुंडन संस्कार में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए थे। लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ। एक अनुमान के अनुसार मुंडन संस्कार में दिनभर में एक लाख से अधिक लोग पहुंचे थे। जिस कारण प्रशासनिक तैयारी की पोल खुल गई थी।

सुबह करीब छह बजे के बाद शाम पांच तक जाम लगा रहा। इस दौरान लोगों को भारी फजीहत का सामना भी करना पड़ा। मुख्य पथों के अलावे विभिन्न गलियो में भी जाम लगने से टैªफिक व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई थी।

एनएच 922 पर ट्रकों की लगी थी लंबी लाईन

जाम के दौरान एनएच 922 पर दलसागर से गोलंबर तक दोनों लेन में ट्रकों की लंबी लाईन लगी थी। जिस कारण इस फोरलेन सड़क की चौड़ाई भी कम पड़ गई थी। ट्रकों के खड़े रहने से भी जाम का दंश बढ़ गया था। जानकारों की मानें तो यह हर दिन की कहानी हो गई है। पूरे दिन ट्रक चालक एनएच 922 को अपना पार्किंग जोन बनाए रहते है। 

रामरेखा घाट पर थी सबसे अधिक भीड़

मुंडन संस्कार के दौरान रामरेखा घाट पर सबसे अधिक भीड़ थी। एक साथ हजारों लोगों के पहुंचने से वहां की व्यवस्था बेपटरी हो गई थी। आलम यह था कि जो लोग अपने परिजनों से बिछड़ जा रहे थे, उन्हें खोजने में घंटो का समय लग जा रहा था।