भोजपुर में सड़क हादसे में बाइक शोरूम के स्टाफ की मौत, हंगामा व रोड जाम

भोजपुर में सड़क हादसे में बाइक शोरूम के स्टाफ की मौत, हंगामा व रोड जाम

- आरा से कोईलवर लौटने के दौरान बालू लदे बेलगाम ट्रक ने रौंदा 

- जाम के कारण आरा-पटना फोरलेन पर तीन घंटे बाधित रहा आवागमन 

केटी न्यूज/आरा

जिले के पटना-बक्सर फोरलेन पर कोईलवर के समीप बुधवार की दोपहर बालू लदे बेलगाम ट्रक ने बाइक शोरूम के कर्मी को रौंदा डाला। उसमें शोरूम स्टाफ की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। मृत कोईलवर नगर पंचायत के वार्ड 10 के निवासी दीपनारायण साह का 28 वर्षीय पुत्र राजनकांत था। वह कोईलवर स्थित एक बाइक शोरूम में काम करता है। उसका परिवार मूल रूप से बिहिया का रहने वाला है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा और जमकर हंगामा किया गया। गुस्साये लोग सड़क पर उतर गये और आरा-पटना फोरलेन को जाम कर दिया। प्रशासन  के खिलाफ नारेबाजी भी की जाने लगी। आक्रोशित लोगों द्वारा पुलिस द्वारा जब्त ट्रक को ले जाने से भी रोक दिया गया। लोगों में रोक के बाद भी दिन में बालू लदे ट्रकों के परिचालन से काफी रोष था। हादसे की सूचना मिलने पर कोईलवर सीओ संजय कुमार सिंह और थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। दोनों अफसरों द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन लोग वरीय अफसरों को बुलाने की मांग पर अड़ गये। इस कारण फोरलेन पर करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा‌।बाद में शाम करीब पांच बजे दोनों अफसरों के प्रयास के बाद मामला शांत हुआ और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस द्वारा ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

आरा से नयी बाइक लेकर कोईलवर शोरूम लौटने के दौरान ट्रक ने रौंदा 

राजनकांत कोईलवर स्थित एक बाइक शोरूम में काम करता था‌। मंगलवार दोपहर में वह आरा से नयी बाइक लेकर कोईलवर शोरूम लौट रहा था। उस बीच कोईलवर पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रहे ट्रक द्वारा उसे रौंद डाला गया। ठोकर इतना जबरदस्त था कि शोरूम कर्मी करीब 50 मीटर तक घसीटाता चला गया। उससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे में उसकी बाइक के भी परखच्चे उड़ गए।

लोगों ने पूछा- प्रतिबंध के बावजूद दिन में कैसे चल रहे बालू लदे ट्रक

हादसे में शोरूम कर्मी की मौत के बाद लोगों प्रशासन के खिलाफ काफी रोष था। आक्रोशित लोग पूछ रहे थे कि प्रतिबंध के बावजूद दिन में बालू लदे ट्रक किस आधार पर चल रहे हैं। गुस्साए लोगों पुलिस और प्रशासन पर बालू माफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगा रहे थे। लोगों का कहना था कि हाल ही में तीन जिलों के अफसरों की बैठक में सुबह के 7 बजे से शाम के 7 बजे तक बालू लदी गाड़ियों को घाट से निकलने व चलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। उसके बावजूद पूरे दिन बालू लदी गाड़ियां धड़ल्ले से दौड़ रही है। स्थानीय लोगों के इस सवाल से अफसरों के पसीने छूट रहे थे।‌

भोजपुर से पटना तक लगा रहा भीषण जाम

सड़क हादसे में शोरूम कर्मी की मौत के बाद हुए जाम से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कोईलवर थाना मोड़ पर हो रहे विरोध प्रदर्शन की वजह से मनभावन होटल से लेकर गीधा, सकड्डी से चांदी चौक व रूपचकिया एवं मनभावन मोड़ से जमालपुर तक सड़क जाम लगा रहा। वहीं नए सिक्सलेन से बढ़ते जाम पटना के लेखनटोला और सिकंदरपुर तक पहुंच गया। जाम में कई स्कूलों के स्कूल बस भी फंसे थे, जिसमें बच्चे बिलबिला रहे थे।

पांच साल पहले उसी जगह बड़े भाई की भी सड़क हादसे में गयी थी जान

बताया जा रहा है कि शोरूम कर्मी राजनकांत के बड़े भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। उसकी मौत भी उसी जगह पर करीब पांच साल पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि राजनकांत के भाई मुंशी कुमार उर्फ सुधीर को टाइल्स लदे ट्रक ने रौंद डाला था। ठीक उसी जगह पर पांच साल बाद राजनकांत की भी सड़क हादसे में और ट्रक की चपेट में आने से ही मौत हो गयी। इसकी इलाके में चर्चा चल रही है। 

फिर विधवा हो गयी पुष्पा, दो शादियों के बाद भी सुहाग सुरक्षित नहीं

कोईलवर निवासी राजन की पत्नी पुष्पा देवी फिर विधवा हो गयी। दो शादियों के बाद भी उसका सुहाग अखंड और सुरक्षित नहीं रहा सका। ऐसे में वह बेहाल और बदहवास पड़ी है। रो-रोकर उसका बुरा हाल हो गया है। बताया जा रहा है कि पुष्पा की पहली शादी राजन के बड़े भाई सुधीर कुमार उर्फ मुंशी के साथ हुई थी। उसे एक पुत्र भी था। करीब पांच साल पहले मुंशी की सड़क हादसे में मौत हो गयी। उसके बाद परिवार की आपसी सहमति से पुष्पा की शादी राजन से करा दी गयी थी। बुधवार की दोपहर राजन की भी सड़क हादसे में मौत हो गयी। इससे वह फिर से विधवा हो गयी। दोनों को उसे दो बच्चे भी हैं। इनमें अंश राज (9) और आरजू (5) हैं। हादसे के बाद उनके घर में कोहराम मचा है। जहां पुष्पा सुहाग उजड़ने से बेसुध है, तो दोनों बेटे भी पिता की मौत के बाद बेहाल हैं।