बक्सर कोर्ट की चतुर्थ वर्गीय महिला कर्मी की मौत, पति पर प्रताड़ित करने का आरोप

बक्सर कोर्ट की चतुर्थ वर्गीय महिला कर्मी की मौत, पति पर प्रताड़ित करने का आरोप

दो साल से बीमार चल रही कर्मी की बुधवार की इलाज के लिए आरा सदर ले जाने के दौरान गयी जान

केटी न्यूज/आरा

नवादा थाना क्षेत्र के अनाईठ विष्णु नगर मोहल्ले में बुधवार की शाम बक्सर कोर्ट की एक चतुर्थ वर्गीय महिला कर्मचारी की मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृत महिला कर्मचारी भोजपुर के कोईलवर गांव के विकास सिंह की 29 वर्षीया पत्नी सुमन कुमारी थी। पिछले कुछ दिनों से वह अपने मायके आरा के अनाइठ विष्णु नगर आयी थी।

उसके पिता अशोक कुमार आरा सिविल कोर्ट में वकालत करते हैं। अधिवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि उनकी बेटी सुमन कुमारी की शादी 6 मई 2019 को कोईलवर गांव निवासी संजय कुमार सिंह के पुत्र विकास सिंह के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन के बाद से उसके पति द्वारा किसी-किसी बात को लेकर सुमन के साथ मारपीट की जाती थी। उसके पति सहित ससुराल में सभी बेरोजगार हैं।

उनकी बेटी बक्सर कोर्ट में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी थी। बेटी की सैलरी आते ही उसका पति विकास सिंह सारा पैसा ले लेता था। उसमें से दस हजार रुपए अपने मां-बाप को देता और बाकी पैसे अपने पास रख लेता था। उन्हीं पैसे से घर का खर्च चलता था और वह ऐशो-आराम करता था। उनकी बेटी करीब दो वर्षों से बीमार चल रही है, लेकिन उसके पति द्वारा इलाज नहीं कराया जा रहा था। इसी 27 फरवरी को उनके बेटे अभिषेक ने इलाज कराने के लिए सुमन को फोन कर आरा बुलाया था।

उसके बाद से सुमन का इलाज कराया जा रहा था।इसी बीच बुधवार की दोपहर सुमन की तबीयत अचानक काफी बिगड़ गई। उसके बाद उसे इलाज के लिए तत्काल आरा सदर अस्पताल लाया गया। वहां डाक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर सदर अस्पताल पहुंची पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

अधिवक्ता अशोक कुमार की ओर से विकास सिंह पर सैलरी के पैसे को लेने के बावजूद बीमारी का उचित इलाज नहीं करने और सास व ससुर की प्रताड़ना से सुमन की मौत होने का आरोप लगाया गया है।‌ बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि सुमन अपनी दो बहनों और एक भाई में दूसरे स्थान पर थी। मौत के बाद उसके मायके में कोहराम मच गया है।