हरियाली की ओर बढ़ा डुमरांव, सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे एक हजार पौधे
शहर को हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में डुमरांव नगर परिषद ने बड़ा कदम उठाया है। नगर क्षेत्र के सार्वजनिक भूखंडों और प्रमुख स्थलों पर एक हजार पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ गुरुवार को विशेष वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत नगर परिषद कार्यालय और प्रखंड कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

__ नगर परिषद ने शुरू किया विशेष वृक्षारोपण अभियान, पौधों की सुरक्षा और निगरानी की भी बनाई गई योजना
केटी न्यूज/डुमरांव
शहर को हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में डुमरांव नगर परिषद ने बड़ा कदम उठाया है। नगर क्षेत्र के सार्वजनिक भूखंडों और प्रमुख स्थलों पर एक हजार पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ गुरुवार को विशेष वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत नगर परिषद कार्यालय और प्रखंड कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एसडीएम राकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।नगर परिषद द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना ही नहीं, बल्कि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है।

कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे ने बताया कि नगर क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों को चिह्नित कर वहां चरणबद्ध तरीके से पौधे लगाए जाएंगे। इनमें प्रखंड कार्यालय परिसर, राज हाई स्कूल मैदान, डूमरेजनी मंदिर मार्ग, बाईपास रोड सहित कई अन्य स्थान शामिल हैं।उन्होंने कहा कि अक्सर वृक्षारोपण कार्यक्रम पौधे लगाने तक ही सीमित रह जाते हैं, लेकिन नगर परिषद ने पौधों के संरक्षण और उनके विकास के लिए विशेष व्यवस्था की है। प्रत्येक स्थल पर नियमित निगरानी की जाएगी तथा पौधों की देखरेख के लिए कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा संबंधित वार्डों के पार्षदों को भी पौधों की सुरक्षा और आम लोगों को जागरूक करने का दायित्व दिया गया है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम राकेश कुमार ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान लोगों को प्रकृति के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास है।

बीडीओ संदीप कुमार पांडेय ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।इस अवसर पर स्वच्छता पदाधिकारी राजीव कुमार, दुर्गेश सिंह, मन्नू सिंह, मदन चौबे, भुटेली सिंह, एकराम खान, श्याम शर्मा, सतेंद्र मिश्र, छोटू सिंह सहित नगर परिषद के कई कर्मी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

