सोनवर्षा सहयोग शिविर में वरीय अधिकारियों की गैरहाजिरी से लोगों में नाराजगी
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी सहयोग शिविर योजना के तहत मंगलवार को सोनवर्षा पंचायत में आयोजित शिविर अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सका। शिविर में वरीय अधिकारियों की अनुपस्थिति और प्रखंड कार्यालय के जिम्मेदार पदाधिकारियों के नहीं पहुंचने से उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों को निराश होना पड़ा।

केटी न्यूज/नावानगर
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी सहयोग शिविर योजना के तहत मंगलवार को सोनवर्षा पंचायत में आयोजित शिविर अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सका। शिविर में वरीय अधिकारियों की अनुपस्थिति और प्रखंड कार्यालय के जिम्मेदार पदाधिकारियों के नहीं पहुंचने से उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों को निराश होना पड़ा। हालांकि निराश मन से लोगों में अपना आवेदन उपस्थित कर्मचारी को सौंपा। ग्रामीणों का कहना था कि सरकार की ओर से विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। लेकिन सोनवर्षा पंचायत में आयोजित शिविर में कई महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी मौजूद नहीं रहे। लोगों ने आरोप लगाया कि समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे ग्रामीणों को कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं मिला। साथ ही एक भी आवेदन ऑन द स्पॉट निदान नहीं हुआ।

इधर पंचायत के मुखिया नंद कुमार, बीडीसी अजय गुप्ता ने बताया कि राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, पेंशन, भूमि संबंधी मामलों सहित अन्य समस्याओं के समाधान की उम्मीद थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों के नहीं रहने से उनकी परेशानी दूर नहीं हो सकी। वही पंचायत के लोगों ने कहा कि यदि ऐसे शिविरों में जिम्मेदार अधिकारी ही मौजूद नहीं रहेंगे तो सरकार की मंशा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी समय पर उपस्थित रहें, ताकि लोगों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। इस संबंध में प्रशासन का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। हालांकि पंचायत सचिव धनजी ओझा ने बताया कि शिविर में गिने चुने आवेदन लोगों से प्राप्त हुआ है।

