कृषि यंत्रीकरण मेले में उमड़ा किसानों का उत्साह, 80 प्रतिशत तक अनुदान पर मिल रहे आधुनिक उपकरण
संयुक्त कृषि भवन, बक्सर के प्रांगण में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आयोजित दो दिवसीय कृषि यंत्रीकरण मेले का उद्घाटन उप विकास निहारिका छवि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मेले के पहले ही दिन किसानों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

केटी न्यूज/बक्सर
संयुक्त कृषि भवन, बक्सर के प्रांगण में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आयोजित दो दिवसीय कृषि यंत्रीकरण मेले का उद्घाटन उप विकास निहारिका छवि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मेले के पहले ही दिन किसानों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।उद्घाटन अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी, कृषि अभियंत्रण उप निदेशक, सहायक निदेशक, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सहित कृषि विभाग के सभी अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों, कृषि समन्वयकों एवं किसान सलाहकारों ने भी भाग लेकर किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग, उनके लाभ और सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सब्सिडी की विस्तृत जानकारी दी।

मेले में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत 40 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे बड़ी संख्या में किसान खरीदारी के लिए पहुंचे। प्रमुख रूप से धान मड़ाई मशीन, जुताई यंत्र, शक्ति चालित निराई यंत्र, चारा काटने की मशीन, शक्ति चालित छिड़काव यंत्र, उच्च घनत्व पॉलीथीन पाइप, आटा चक्की तथा हस्तचालित कृषि किट की खरीदारी की गई।जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 91 प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है।

साथ ही अब तक 4 कस्टम हायरिंग सेंटर और 12 विशेष कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं। कृषि यंत्र बैंक की स्थापना की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है, जिससे छोटे और सीमांत किसानों को लाभ मिलेगा।उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण) ने फसल अवशेष प्रबंधन यंत्रों को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है।मेले के दूसरे और अंतिम दिन भी प्रदर्शनी एवं बिक्री जारी रहेगी। कृषि विभाग ने जिले के सभी किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

