न्याय के लिए भीम आर्मी ने एनएच जाम कर किया थाने का घेराव

न्याय के लिए भीम आर्मी ने एनएच जाम कर किया थाने का घेराव

- डीएसपी के आश्वासन पर वापस गए भीम आर्मी कार्यकर्ता, अनुसूचित जाति-जनजाति के मामलों में न्याय नहीं मिलने का लगा रहे थे आरोप

केेटी न्यूज/डुमरांव

शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी के बैनर तले भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने डुमरांव थाना के पास एनएच 120 को जाम करते हुए थाने का घेराव किया। यह घेराव भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सुरेश राम के नेतृत्व में किया गया था। इस दौरान भीम आर्मी ने आरोप लगाया कि अनुमंडल के विभिन्न थानों में दर्ज अनुसूचित जाति व जनजाति के उत्पीड़न के संबंधित मामलों को पुलिस दबा दे रही है। आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है।

कई मामलों को पुलिीस ने फॉल्स करार दिया है। जिससे दबंगो का मन बढ़ रहा है तथा अनुसूचित जाति व जनजाति पर अत्याचार के मामले भी बढ़ रहे है। इस दौरान आधा घंटे तक सड़क जाम कर भीम आर्मी ने डुमरांव बिक्रमगंज पथ पर परिचालन बाधित कर दिया था। इसके बाद सभी कार्यकर्ता थाना में पहुंचे। सड़क जाम के दौरान ही डुमरांव थानाध्यक्ष शंभू कुमार भगत ने उन्हें समझाने का प्रयास किया।

लेकिन वे डीएसपी से मिलना चाह रहे थे। इसकी जानकारी मिलते ही डुमरांव डीएसपी थाना पहंुचे तथा उनके प्रतिनिधियों से बात कर उन्हें वस्तुस्थिति समझाया। डीएसपी ने बताया कि मामलों का पर्यवेक्षण व अनुसंधान पूरे पारदर्शी तरीके से किया जाता है। डीएसपी ने कहा कि जो मामले जांच में सत्य प्रतीत होते है उनमें आरोपितों पर पुलिस जरूर कार्रवाई करती है। लेकिन जिन मामलों का साक्ष्य नहीं मिलता है

वहा पुलिस क्या कर सकती है। डीएसपी के समझाने बुझाने के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ता शांत हुए तथा वहां से वापस घर लौटे। हालांकि इस दौरान करीब एक घंटा तक स्टेशन रोड में परिचालन बाधित रहा। जबकि थाना परिसर में भी देर तक हंगामा होते रहा। लेकिन पुलिस ने बेहद संयम से काम लिया।