पुलिस के पहुंचते ही बिखर गई जुए की महफिल, 13 बाइक छोड़ भागे जुआड़ी
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियाव गांव में चल रहे अवैध जुआ कारोबार पर पुलिस ने मंगलवार की शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआरियों की जमघट को तितर-बितर कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया।

__ अरियाव में गुप्त सूचना पर कार्रवाई, ताश के पत्ते व नकदी बरामद
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियाव गांव में चल रहे अवैध जुआ कारोबार पर पुलिस ने मंगलवार की शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआरियों की जमघट को तितर-बितर कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए और मौके पर खड़ी अपनी मोटरसाइकिलें तक छोड़ गए।पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के एक स्थान पर बड़ी संख्या में लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम के साथ मौके पर दबिश दी।

पुलिस वाहनों और जवानों को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और सभी लोग अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले।छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से पांच पैकेट ताश के पत्ते और 450 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा वहां खड़ी 13 मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस का मानना है कि ये सभी बाइक जुआ खेलने पहुंचे लोगों की हैं। जब्त वाहनों के आधार पर अब फरार जुआरियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वाहन मालिकों की पहचान होने के बाद संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ भी की जाएगी।थानाध्यक्ष रवि कुमार ने कहा कि क्षेत्र में जुआ, शराब और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी गैरकानूनी कार्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

