घोसी विधानसभा उपचुनाव--एकतरफा मुकाबले में सपा के सुधाकर सिंह जीते

घोसी विधानसभा उपचुनाव--एकतरफा मुकाबले में सपा के सुधाकर सिंह जीते
सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह

-दारा सिंह चौहान को 42672 वोटों से हराया, अखिलेश ने दी कार्यकर्ताओं को बधाई

-1725 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया, भाजपा खेमे में मायूसी

-दारा सिंह चौहान पराजित, सपा खेमे में खुशी का माहौल

केटी न्यूज/ राज्य ब्यूरो/लखनऊ।

समाजवादी पार्टी ने घोसी विधानसभा उपचुनाव जीत लिया है। सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने एकतरफा मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को 42672 मतों से हराया। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह को एक लाख, 24 हजार, 295 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान को 81623 मत ही मिल पाए। 1725 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। उल्लेखनीय है कि इस सीट को भाजपा ने अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया था। घोसी का रिजल्ट आते ही भाजपा खेमे में मायूसी छा गई। मऊ जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को हुई मतगणना में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी दारा सिंह चौहान से शुरू से ही बढ़त बना ली थी। यह बढ़त राउंडवार बढ़ती ही गई। उन्होंने एकतरफा मुकाबले में जीत दर्ज करके यह सीट सपा की झोली में डाल दी।

इस सीट पर निवर्तमान विधायक दारा सिंह चौहान के इस्तीफे के कारण चुनाव हुए थे। बीते विधानसभा चुनाव में सपा के दारा सिंह चौहान इस सीट से जीते थे। बाद वह इस सीट से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा ने उन्हें यहां से पुनः अपना उम्मीदवार बनाया था। समाजवादी पार्टी ने भी यहां से विधायक रह चुके सुधाकर सिंह पर दांव लगाया था।

भाजपा ने इस चुनाव को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया था। यहां पर पार्टी के लगभग सभी मंत्रियों ने प्रचार किया। भाजपा के पक्ष में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के डॉ. संजय निषाद ने लगातार कैंप किया। इन दोनों का दावा था कि वे अपने समाज के वोट दारा सिंह चौहान को दिलाएंगे। स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी यहां आकर भाजपा उम्मीदवार के पक्ष चुनाव प्रचार किया था।