तेज रफ्तार का कहर: भैया-बहिनी पुल की रेलिंग से टकराई कार, चालक मौके से फरार

चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित भैया-बहिनी पुल के पास शनिवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित हुई एक कार पुल की रेलिंग से जा टकराई, जिससे वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

तेज रफ्तार का कहर: भैया-बहिनी पुल की रेलिंग से टकराई कार, चालक मौके से फरार

केटी न्यूज/बक्सर:

चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित भैया-बहिनी पुल के पास शनिवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित हुई एक कार पुल की रेलिंग से जा टकराई, जिससे वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, दुर्घटना में कार सवार सभी लोग सुरक्षित बच निकले। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चौसा की ओर से बक्सर की तरफ आ रही थी। भैया-बहिनी पुल के समीप पहुंचते ही चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज गति के कारण कार सीधे पुल की रेलिंग से टकरा गई। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और कार में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की तत्परता से किसी बड़ी अनहोनी को टाल दिया गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया, जिसके बाद कुछ देर के लिए बाधित हुआ यातायात फिर से सामान्य कराया गया। हादसे के कारण पुल पर कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देना दुर्घटना का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन को जब्त कर लिया गया है। वाहन के स्वामित्व और फरार चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।