पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, मौके पर ही हुई युवा सवार की मौत, पसरा मातम

डुमरांव बिक्रमगंज पथ (एनएच 120) पर डुमरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्भय कोल्ड स्टोरेज के समीप एक तेज रफ्तार बाइक अपने सामने वाले वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मंगलवार को अपराहन करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है।

पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, मौके पर ही हुई युवा सवार की मौत, पसरा मातम

-- एनएच 120 पर निर्भय कोल्ड स्टोरेज के समीप हुआ हादसा, मुरार थाना क्षेत्र के अमसारी गांव का रहने वाला था मृतक, एक लेन में खड़ी बालू लदी ट्रक बनी हादसे की वजह

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव बिक्रमगंज पथ (एनएच 120) पर डुमरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्भय कोल्ड स्टोरेज के समीप एक तेज रफ्तार बाइक अपने सामने वाले वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मंगलवार को अपराहन करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगाें तथा स्वजनों द्वारा उसे इलाज के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मुरार थाना क्षेत्र के अमसारी गांव निवासी हरेन्द्र कुमार उर्फ मुन्ना सिंह के 25 वर्षीय पुत्र आलोक कुमार सिंह उर्फ छोटू के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार वह अपने घर से कोई जरूरी कागजात लेकर डुमरांव के एक बैंक में आ रहा था। जैसे ही वह निर्भय कोल्ड स्टोरेज के समीप पहुंचा कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी बाइक बूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई तथा वह काफी उपर उछल गया कर नीचे गिरा। घटना के दौरान मौके पर अफरा तफरी मच गई। वहीं, इसकी जानकारी मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। अनुमंडलीय अस्पताल में स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। जवान बेटे की मौत से स्वजनों पर गम का पहाड़ टूट गया था। 

 -- बालू लदे ट्रकों का अवैध पार्किंग बना घटना का कारण

प्रत्यक्षदर्शी सूत्रों की मानें तो घटना का कारण डुमरांव-बिक्रमगंज पथ के एक किनारे बालू लदी ट्रकें थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मंगलवार को टेढ़की पुल से कोपवां के आगे तक सड़क के एक किनारे बालू लदी ट्रक खड़ी थी, जिस कारण सड़क की चौड़ाई आधी ही रह गई थी। यही कारण है कि दोनों तरफ के वाहन आधी सड़क से ही गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि आलोक अपनी बाइक लेकर अपने साइड से ही जा रहा था, लेकिन एक तरफ खड़ी ट्रकों के कारण ही सामने से अचानक एक वाहन उसके बाइक के सामने आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में वह पेड़ से टकरा गया। 

-- हैदराबाद में रह करता था पढ़ाई, छुट्टियों में आया था गांव

बताया जा रहा है कि आलोक दो भाईयों में बड़ा था तथा वह हैदराबाद में रह किसी व्यवसायिक पाठ्यक्रम की पढ़ाई कर रहा था। गर्मी की छुट्टियों में वह गांव आया था, इसी बीच मंगलवार को सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक काफी होनहार व मिलनसार था। वह पढ़ाई में काफी तेज था तथा जब भी गांव आता था तो सबसे मिल-जुलकर रहता था। यहीं कारण है कि उसकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही पूरे अमसारी गांव में कोहराम मच गया। 

-- थानाध्यक्ष ने की पुष्टि 

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर डुमरांव थाने की पुलिस टीम पहुंची, लेकिन तबतक स्वजन शव लेकर जा चुके थे।डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में स्वजनों ने किसी तरह की शिकायत नहीं दर्ज कराई है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।