बकरी बांधने के विवाद में युवक की रस्सी से गला घोंट की हत्या, पेड़ से लटा मिला शव

बकरी बांधने के विवाद में युवक की रस्सी से गला घोंट की हत्या, पेड़ से लटा मिला शव

- गांव के ही युवकों पर हत्या करने का आरोप, आरोपितों को पकड़ने में जुटी पुलिस 

- सोमवार को घर से निकला था युवक, खोजबीन हुई तो रात में मिली लाश

केटी न्यूज/आरा

जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चितकुंडी चकिया गांव में सोमवार की रात बदमाशों ने एक युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। उसका शव‌ गांव से कुछ दूरी पर स्थित बागीचे में स्थित पेड़ से लटा मिला। मृतक चितकुंडी चकिया गांव निवासी मो. साहिर का 23 वर्षीय पुत्र अनवर खान उर्फ धन्नु बताया जा रहा है। वहीं, परिजनों ने बकरी

बांधने के विवाद में युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलते ही एएसपी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया। वहीं, परिजनों का बयान दर्ज करने के बाद एएसपी के नेतृत्व में नगर, मुफस्सिल और कृष्णगढ़ थाने की पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

अनवर की बहन रुकसाना ने बताया कि सोमवार की शाम उसका काम से घर पर आया था। उसके वो शौच करने के लिए निकल गया। उसने मां से शौच से आने की बाद खाने की बात कही थी। देर रात तक वह घर नहीं लौटा, तो वह अपनी उसकी मां के साथ उसे खोजने निकली। तब घर से करीब डेढ़ किमी दूर बागीचे में महुआ के पेड़ से उसके भाई का शव

लटका मिला। उनकी चित्कार सुन ग्रामीण वहां इकट्ठे हो गए। उसके बाद उन्होंने स्थानीय थाने को सूचना दी गयी। रुकसाना ने बकरी बांधने के विवाद में पड़ोस के ही चार लोगों पर हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लड़कों ने पुराने विवाद में हत्या कर उसके शव को लटका दिया है। एएसपी के नेतृत्व में टीम गठित छापामारी की जा रही है। जल्द ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

शुक्रवार की शाम हुई थी मारपीट :

मृतक अनवर खान उर्फ धन्नु की बहन रुकसाना ने बताया कि शुक्रवार की शाम रास्ते पर बकरी बांधने को लेकर पड़ोसी से झगड़ा हुआ था। उस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी। उसमें उसके तीन भाई और पिता का सिर फट गया था। उसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा इलाज के लिए पैसा दिया गया था। तब मामला सुलह हो गया था।

उसी मामले में सोमवार की रात पड़ोस के सुखदेव, उनके पुत्र मोनू, मनीष और थेथी द्वारा रस्सी से गला घोंट कर उसके भाई की हत्या कर दी गयी। उसके बाद शव महुआ के पेड़ से लटका दिया गया। बताया जा रहा है कि अनवर अपने तीन भाई और चार बहनों में बड़ा था। उसके परिवार में मां नजमा खातून,बहन रुकसाना, रेहाना, रूही, सहाना, भाई फिरोज खान, सरवेज खान और परवेज खान है। घटना के बाद उसके घर में रोना-धोना मच गया है। मां नजमा खातून सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।