पटना बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ी अपराधिक घटनाएं
हाल के दिनों में पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर हाल के दिनों में अपराधिक वारदाते बढ़ी है। जिसमें अधिकांश के मामले में पुलिस खाली हाथ चल रही है।
-- दवा व्यवसायी से लूट के 10 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, महिला से छिनतई व ट्रक लूट जैसी घटनाएं है शामिल
केटी न्यूज/डुमरांव
हाल के दिनों में पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर हाल के दिनों में अपराधिक वारदाते बढ़ी है। जिसमें अधिकांश के मामले में पुलिस खाली हाथ चल रही है। पिछले एक पखवाडे़ में नया भोजपुर व कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में तीन अपराधिक घटनाओं ने एनएच पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। पहली घटना 10 फरवरी को है जब अपराधियों ने बक्सर के दवा व्यवसायी आशुतोष मिश्रा की आरा से बक्सर आ रही दवा की खेप को वैन रूकवा उसमें से तीन पेटी दवा लूट ली थी। घटना नया भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रतापसागर व चंदा गांव के बीच स्थित पेट्रोल पंप के पास की है।

इस मामले में पीड़ित व्यवसायी ने नया भोजपुर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराया है, लेकिन पुलिस अभी तक इस मामले का उद्भेदन नहीं कर सकी है। हालांकि, पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है। बावजूद उद्भेदन नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे है। वहीं, दूसरी घटना भी नया भोजपुर थाना क्षेत्र की है। 16 फरवरी को नया भोजपुर सब्जी मंडी के समीप आदर्श नगर निवासी चंद्रावती देवी नामक एक महिला से उचक्कों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर करीब एक लाख रूपए मूल्य के आभूषण व 2 हजार नगद रूपए छिन लिए थे। इस मामले में भी पुलिस खाली हाथ चल रही है।

जबकि तीसरी घटना चार दिन पहले कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के ढकाईच गांव के समीप की है। यहां रात में लूटेरों ने सामान से लदी ट्रक को लूट लिया है। हालांकि पुलिस ने ट्रक बरामद करने के साथ ही इस मामले में तीन को हिरासत में ले उद्भेदन के करीब पहुंच गई है। एनएच पर लगातार हो रही अपराधिक घटनाओं से कई सवाल खड़े हो रहे है। इस संबंध में एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि सभी मामले अलग-अलग तरह के है। इनकी जांच की जा रही है। एनएच पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। एसडीपीओ ने बताया कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा, बल्कि उन्हें शीघ्र पकड़ सलाखो के पीछे भेजा जाएगा।

