सिमरी में अंतराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़
सिमरी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय वाहन चोर गिरोह में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कई संदिग्ध बाइक जब्त कीं, जबकि गिरोह का मुख्य आरोपी अमित कुमार यादव, निवासी एकौना, मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
__ चोरी की पांच बाइक बरामद, मास्टरमाइंड फरार, यूपी-बिहार से लेकर कर्नाटक तक जुड़े तार
केटी न्यूज/सिमरी
सिमरी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय वाहन चोर गिरोह में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कई संदिग्ध बाइक जब्त कीं, जबकि गिरोह का मुख्य आरोपी अमित कुमार यादव, निवासी एकौना, मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिमरी थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि एकौना गांव स्थित अमित कुमार यादव के घर पर चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर रखी गई हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।

पुलिस जैसे ही आरोपी के घर पहुंची, वहां अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान आरोपी भाग निकलने में सफल रहा, लेकिन पुलिस ने घर की तलाशी लेकर दो बाइक बरामद कर ली।पहली कार्रवाई में एक टीवीएस एक्सएल 100 और एक हीरो स्प्लेंडर बाइक जब्त की गई। पुलिस को शक था कि आरोपी ने आसपास और भी वाहन छिपाकर रखे हैं। इसी आधार पर टीम ने दोबारा इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया।दूसरी छापेमारी में आरोपी के घर के पास झाड़ियों और सुनसान जगहों पर छिपाकर रखी गई तीन और मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें टीवीएस रेडियन, हीरो होंडा सीडी डीलक्स और दो बजाज डिस्कवर बाइक शामिल हैं। कई वाहनों पर नंबर प्लेट गायब थी, जबकि कुछ के चेसिस और इंजन नंबर संदिग्ध पाए गए। इससे साफ संकेत मिला कि गिरोह चोरी की गाड़ियों की पहचान बदलकर बेचने की तैयारी में था।

बरामद सभी वाहनों को थाना लाकर पुलिस ने जब्ती सूची तैयार की और सनहा दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद जिला परिवहन कार्यालय, बक्सर से वाहनों का सत्यापन कराया गया। जांच रिपोर्ट ने पुलिस को चौंका दिया।सत्यापन में सामने आया कि बरामद बाइक अलग-अलग जिलों और राज्यों में पंजीकृत हैं। इनमें बलिया (उत्तर प्रदेश), रोहतास (बिहार) और कर्नाटक तक के वाहन शामिल हैं। इससे अंदेशा मजबूत हुआ है कि यह कोई स्थानीय चोरी की वारदात नहीं, बल्कि अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का हिस्सा हो सकता है।जांच के दौरान एक बाइक के इंजन नंबर में कूट रचना यानी छेड़छाड़ की पुष्टि भी हुई है। पुलिस मान रही है कि चोरी के वाहनों के नंबर और पहचान बदलकर उन्हें सस्ते दामों में बेचने की साजिश रची जा रही थी।

यह भी संभावना जताई जा रही है कि गिरोह ग्रामीण इलाकों को सेफ जोन मानकर यहां गाड़ियां छिपाता था।डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी अमित कुमार यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे नेटवर्क को खंगालकर चोरी की इस चेन को तोड़ने का काम करेगी।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में राहत की भावना है। लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से परेशान लोग अब उम्मीद जता रहे हैं कि गिरोह के पर्दाफाश के बाद वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगेगी। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोई भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति दिखे तो तुरंत सूचना दें, ताकि अपराधियों पर तेजी से शिकंजा कसा जा सके।

