चौगाईं में बैंक के सामने आभूषण दुकान में पांच लाख की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मुरार थाना क्षेत्र में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए आभूषण की एक दुकान को निशाना बनाया और पांच लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार की रात अंजाम दी गई इस वारदात में चोरों ने दुकान के मुख्य गेट पर लगे आठ तालों को तोड़ने के बाद लॉकर को भी नहीं बख्शा। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दुकान के ठीक सामने पंजाब नेशनल बैंक की शाखा है, जबकि कुछ ही दूरी पर गेट नंबर एक स्थित है।

चौगाईं में बैंक के सामने आभूषण दुकान में पांच लाख की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

__ आठ ताले तोड़कर लॉकर तक पहुंचे चोर, सोने-चांदी के गहने समेटकर फरार; सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यवसायी के उड़े होश

केटी न्यूज/चौगाईं।

मुरार थाना क्षेत्र में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए आभूषण की एक दुकान को निशाना बनाया और पांच लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार की रात अंजाम दी गई इस वारदात में चोरों ने दुकान के मुख्य गेट पर लगे आठ तालों को तोड़ने के बाद लॉकर को भी नहीं बख्शा। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दुकान के ठीक सामने पंजाब नेशनल बैंक की शाखा है, जबकि कुछ ही दूरी पर गेट नंबर एक स्थित है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।मंगलवार की सुबह जब आभूषण व्यवसायी काशी प्रसाद सोनार दुकान खोलने पहुंचे, तो टूटे ताले और अंदर बिखरे सामान को देखकर उनके होश उड़ गए। लॉकर से गहने गायब थे। दुकान में चोरी की खबर फैलते ही इलाके के व्यवसायियों में हड़कंप मच गया। घटना ने स्थानीय बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

__ आठ ताले तोड़े, फिर लॉकर को बनाया निशाना

पीड़ित व्यवसायी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि सोमवार की शाम दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। देर रात चोरों ने दुकान के मुख्य गेट पर लगे आठ तालों को एक-एक कर तोड़ा और भीतर प्रवेश कर गए। इसके बाद लॉकर का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। सुबह दुकान पहुंचने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई।

__ बैंक सामने, फिर भी बेखौफ रहे चोर

दुकान के सामने बैंक शाखा और नजदीक प्रमुख गेट होने के बावजूद चोरी की घटना को अंजाम दिया जाना कई सवाल खड़े करता है। चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए कितना समय लगाया और वे किस रास्ते से आए तथा गए, यह जांच का विषय है। स्थानीय कारोबारियों के बीच घटना को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यवसायियों ने बाजार में रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत जताई है।घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित ने मुरार पुलिस को जानकारी दी। अब पुलिस के सामने चोरों की पहचान करने और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी की चुनौती है।