गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा

शुक्रवार को डुमरांव में भगवान श्रीकृष्ण के छठिआर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। सुबह से ही श्रद्धालु उत्साह के साथ शोभायात्रा की तैयारी में जुटे थे। जैसे ही गाजे-बाजे और बैंड की धुन के बीच शोभायात्रा आरंभ हुई, लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यह यात्रा गोवर्धन स्थान नावाडेरा से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा पुराना भोजपुर, स्टेशन रोड, गोला रोड, राजगढ़ चौक और ठठेरी बाजार से होते हुए पुनः गोवर्धन स्थान स्थित टीचर ट्रेनिंग स्कूल पर जाकर संपन्न हुआ। जगह-जगह श्रद्धालु शोभायात्रा के स्वागत में खड़े दिखे।

गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा

केटी न्यूज/डुमरांव

शुक्रवार को डुमरांव में भगवान श्रीकृष्ण के छठिआर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। सुबह से ही श्रद्धालु उत्साह के साथ शोभायात्रा की तैयारी में जुटे थे। जैसे ही गाजे-बाजे और बैंड की धुन के बीच शोभायात्रा आरंभ हुई, लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यह यात्रा गोवर्धन स्थान नावाडेरा से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा पुराना भोजपुर, स्टेशन रोड, गोला रोड, राजगढ़ चौक और ठठेरी बाजार से होते हुए पुनः गोवर्धन स्थान स्थित टीचर ट्रेनिंग स्कूल पर जाकर संपन्न हुआ। जगह-जगह श्रद्धालु शोभायात्रा के स्वागत में खड़े दिखे।

कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर झांकियों और श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण और राधा की सुंदर झांकियां रहीं। बारीक कलाकारी और आकर्षक सजावट से सजी इन झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। वहीं, शोभायात्रा में शामिल ऊंट, घोड़े और सजे-धजे रथ ने इसे और भव्य बना दिया। डीजे और ब्रास बैंड की ताल पर नाचते श्रद्धालु तथा भांगड़ा नृत्य मंडली ने उत्सव को और भी रंगीन बना दिया। आतिशबाजी की चमक ने वातावरण को रोशन कर दिया। शोभायात्रा में हर वर्ग के लोग शामिल हुए। श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज थामे 'हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की' के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। इस बीच बच्चे भी रंग-बिरंगे परिधानों में नजर आए।

महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया और घरों की छतों से शोभायात्रा का आनंद लिया। पूरे मार्ग में सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल और स्वयंसेवक लगातार शोभायात्रा के साथ चल रहे थे ताकि भीड़ के बीच कोई व्यवधान न हो। यातायात को भी नियंत्रित किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। धार्मिक आयोजन के इस पावन अवसर पर लोगों ने आपसी एकता और भाईचारे का परिचय दिया। सभी ने इसे सामूहिक उत्सव के रूप में मनाया। इस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण के छठिआर पर निकली शोभायात्रा ने डुमरांव को पूरी तरह भक्ति और उल्लास से सराबोर कर दिया। श्रद्धालुओं की आस्था और उमंग से पूरा नगर गूंज उठा।

* शामिल हुए कई भावी विधानसभा प्रत्याशी:

शोभायात्रा में जहां हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया, वहीं कई भावी विधानसभा प्रत्याशी भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने पहुंचे। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कई संभावित प्रत्याशी जनसमर्थन जुटाने के उद्देश्य से श्रद्धालुओं के बीच नजर आए। वे लोगों का अभिवादन करते और भक्ति-भाव में सहभागी बनते दिखे। वहीं, प्रत्याशियों की मौजूदगी से यह स्पष्ट है कि जनआस्था से जुड़ा आयोजन राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।