सोवा गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालात में गई जान, हर पहलू की पड़ताल में जुटी कृष्णाब्रह्म पुलिस
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव में गुरुवार की देर शाम एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव में गुरुवार की देर शाम एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।मृतका की पहचान सोवा गांव निवासी राजा बाबू राम की पत्नी नीतू देवी (25) के रूप में हुई है। परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है, हालांकि पुलिस ने किसी भी तरह के कयास लगाने से बचने की अपील की है।

कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस वैज्ञानिक एवं कानूनी तरीके से मामले की जांच कर रही है और किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि जांच या पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति अथवा आपराधिक साक्ष्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर मामले की आगे की दिशा तय होगी।

