जिले के तीन प्रमुख सांस्कृतिक महोत्सवों की तैयारियों को लेकर बैठक, तिथियां तय

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में ब्रह्मपुर महोत्सव, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव एवं विश्वामित्र महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीनों महोत्सवों की रूपरेखा, तिथि, कार्यक्रम संरचना, प्रचार-प्रसार, सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिले के तीन प्रमुख सांस्कृतिक महोत्सवों की तैयारियों को लेकर बैठक, तिथियां तय

-- स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच, व्यापक प्रचार-प्रसार व सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

केटी न्यूज/बक्सर

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में ब्रह्मपुर महोत्सव, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव एवं विश्वामित्र महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीनों महोत्सवों की रूपरेखा, तिथि, कार्यक्रम संरचना, प्रचार-प्रसार, सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को महोत्सवों के उद्देश्य एवं आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया गया। प्राप्त सुझावों एवं विमर्श के पश्चात तीनों महोत्सवों की तिथियां निर्धारित की गईं। निर्णय के अनुसार विश्वामित्र महोत्सव 21 फरवरी, ब्रह्मपुर महोत्सव 28 फरवरी तथा उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव 21 मार्च को आयोजित किए जाएंगे।

-- स्थानीय कलाकारों को दी जाएगी प्राथमिकता

बैठक में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक महोत्सव में अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 16, 17 एवं 18 फरवरी को आम्रपाली केंद्र, बक्सर में ऑडिशन आयोजित कर महोत्सवों में भाग लेने वाले स्थानीय कलाकारों का चयन सुनिश्चित किया जाए।जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने जानकारी दी कि ऑडिशन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को 14 फरवरी तक जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, बक्सर में आवेदन जमा करना होगा। प्रतिभागियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। साथ ही निवास प्रमाण पत्र एवं कलाकार रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा। ऑडिशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को तीनों महोत्सवों में प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

-- प्रचार-प्रसार और नगर व्यवस्था पर जोर

जिला जन संपर्क पदाधिकारी को बक्सर, डुमरांव एवं अन्य प्रमुख स्थानों के चौक-चौराहों पर फ्लैक्स, बैनर आदि के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को भी अपने स्तर से महोत्सवों के प्रचार को गति देने को कहा गया। साथ ही दैनिक समाचार पत्रों एवं सभी सरकारी कार्यालयों के माध्यम से सूचना के प्रसार के निर्देश दिए गए।विश्वामित्र महोत्सव के मद्देनजर कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को किला मैदान में समुचित साफ-सफाई, चलंत शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

-- सुरक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था पुख्ता

महोत्सवों में लोक नृत्य, नृत्य नाटिका, लोक संगीत एवं गजल जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सिविल सर्जन बक्सर को कार्यक्रम स्थलों पर फर्स्ट एड, एंबुलेंस एवं चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला अग्निशमन पदाधिकारी को फायर टेंडर एवं अग्नि दलों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर सदर एवं डुमरांव को विधि-व्यवस्था संधारण हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए महोत्सवों को सफल एवं यादगार बनाने का आह्वान किया।