बेटी की शादी की सालगिरह की पार्टी में बदमाशों ने पिता को मारी गोली

बेटी की शादी की सालगिरह की पार्टी में बदमाशों ने पिता को मारी गोली

सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव की शुक्रवार की देर रात की वारदात 

नाच के दौरान आगे की कुर्सी पर बैठने के विवाद में गोली मारी गई गोली 

पार्टी बिन बुलाए मेहमान बने गांव के दो युवकों पर गोली मारने का आरोप

जख्मी किसान का आरा के प्राइवेट हॉस्पिटल में कराया जा रहा इलाज 

मामले की छानबीन और आरोपितों कि धरपकड़ में जुटी पुलिस, एक गिरफ्तार 

एसडीपीओ बोले: एक आरोपित गिरफ्तार, दूसरी की गिरफ्तारी को की जा रही छापेमारी 

केटी न्यूज/आरा

सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव में बेटी की शादी की सालगिरह की पार्टी में उसके पिता को गोली मार दी गयी। गोली उनके पेट में लगी थी, जो पीठ की ओर निकल गई। उसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सदर अस्पताल में उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है। हालांकि उसका इलाज आरा के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में कराया जा रहा है। जख्मी एकवारी गांव निवासी 50 वर्षीय सियाराम सिंह हैं। वह किसान हैं। गोली मारने का आरोप गांव के दो लड़कों पर लगाया जा रहा है।

पार्टी में बिन बुलाए मेहमान के तौर पर पहुंचें दो युवकों पर नाच के दौरान आगे की कुर्सी पर बैठने के विवाद में गोली मारने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वह उसी गांव का मुलायम सिंह यादव है। उससे पूछताछ की जा रही है। इधर, गोलीबारी की घटना के बाद खुशी का माहौल फीका पड़ गया और किसान के घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन की।

बताया जा रहा है कि सियाराम सिंह की बेटी की पिछले साल शादी हुई थी। शुक्रवार यानी 21 जून को उनकी बेटी की शादी की पहली सालगिरह थी। उसे लेकर उनके घर रात में सालगिरह की पार्टी मनाई जा रही थी। भोज-भात के साथ नाच का भी प्रोग्राम था। देर रात नाच का प्रोग्राम चल रहा था। घर के लोग और रिश्तेदार प्रोग्राम देख रहे थे। तभी बिन बुलाए गांव के दो युवक पहुंच गए और आगे की कुर्सी पर बैठने को लेकर हंगामा करने लगे। समझाने का प्रयास करने पर गाली गलौज की जाने लगी।

उस पर किसान सियाराम सिंह ने उन्हें हटाने की कोशिश की, तो फायरिंग की जाने लगी। उसमें सियाराम सिंह के पेट में गोली लग गयी। उससे पार्टी में अफरातफरी मच गयी। वारदात को अंजाम देने के साथ दोनों बदमाश घटनास्थल से भाग निकले। सियाराम सिंह की ओर से गांव के चौकीदार के बेटे सहित दो लड़कों पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष दीपक कुमार पुलिस बल के मामले की छानबीन में जुटी है।

पुलिस द्वारा एक आरोपित को गिरफ्तार भी किया गया है। एसडीपीओ राहुल सिंह ने बताया कि नाच के दौरान कुर्सी पर बैठने के विवाद में गोली मारे जाने की बात कही जा रही है। छानबीन की जा रही है। एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

गोली लगने से किडनी क्षतिग्रस्त, रिपेयर किया गया पार्ट्स 

आरा सदर से पटना रेफर किए जाने के बाद जख्मी के परिजनों द्वारा उसे शहर के महावीर टोला स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गये। वहां सर्जन डाक्टर आशीष कुमार और डाक्टर सूर्य कांत निराला द्वारा इलाज किया जा रहा है। वही सर्जन डाक्टर आशीष कुमार ने

बताया कि अधेड़ को गोली बाएं साइड पेट में लगी थी। गोली लगने के कारण उनकी किडनी क्षतिग्रस्त हो गयी थी। ऑपरेशन कर क्षतिग्रस्त पार्ट्स को रिपेयर कर दिया गया है। अभी मैरिज के मरीज की स्थिति बिल्कुल स्टेबल है।