‘इंडिया' गठबंधन की ‘महारैली' में विपक्षी पार्टियों ने दिखाया आक्रोश,जाने किसने क्या कहा

आज रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी द्वारा आयोजित ‘इंडिया' गठबंधन की ‘महारैली' हुई.

‘इंडिया' गठबंधन की ‘महारैली' में विपक्षी पार्टियों ने दिखाया आक्रोश,जाने किसने क्या कहा
'Maharally' of 'India' alliance

केटी न्यूज़/दिल्ली

आज रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी द्वारा आयोजित ‘इंडिया' गठबंधन की ‘महारैली'  हुई।इस रैली में विपक्ष के नेताओं का जमावड़ा लगा जिसमें  मलिकाअर्जुन खड़गे, फ़ारुख अब्दुल्लाह, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे, प्रियंका गांधी और तेजस्वी यादव समेत कई विपक्षी गठबंधन के नेता रामलीला मैदान में मौजूद रहे।इंडिया' गठबंधन की ‘महारैली' के मद्देनजर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा की थी।रामलीला मैदान के हर द्वार पर जांच की व्यवस्था के साथ ही आसपास के इलाके में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी।कांग्रेस ने शनिवार को कहा था कि रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' की 'लोकतंत्र बचाओ रैली' का उद्देश्य किसी व्यक्ति की रक्षा करना नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाना है।

राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में होने वाली 'लोकतंत्र बचाओ' रैली पिछले हफ्ते दिल्ली शराब घोटाले में दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आयोजित की गई, लेकिन इसे लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन की एकता और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा गया।

विपक्षी गठबंधन के नेताओं द्वारा रैली में प्रवर्तन निदेशालय, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के खिलाफ जोरदार ढंग से आवाज उठाई गई. केजरीवाल, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और कांग्रेस को जारी किए गए इनकम टैक्‍स विभाग के नोटिस का मुद्दा भी रैली में उठाया गया।

महारैली में जाने किसने क्या कहा

रैली में राहुल गांधी ने कहा कि हमारे सामने लोकसभा का चुनाव है।हमारी टीम में से मैच शुरू होने से पहले दो खिलाड़ियों को गिरफ्तार करके अंदर कर दिया गया। ये जो उनका 400 पार का नारा है..?वो बिना मैच फिक्सिंग के 80 पार नहीं हो सकता है।

 

महबूबा मुफ्ती ने कहा कि बेरोजगारी बढ़ रही है और विपक्ष को दबाने के लिए ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है।चुनाव होने से पहले ही धांधली करने की कोशिश की जा रही है।लोग चाहते हैं, संविधान बचाना है, लोकतंत्र बचाना है, इसीलिए इतनी बड़ी संख्या में इस मैदान में आए हैं।

 

सुनीता केजरीवाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि "मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या उन्होंने ठीक किया? वह जनता की भलाई के लिए लड़ रहे हैं। करोड़ों लोगों के दिल में केजरीवाल हैं।आपके केजरीवाल को ज्यादा दिन तक ये जेल में नहीं रख पाएंगे। उन्‍होंने कहा कि आपके केजरीवाल शेर हैं।क्‍या उनको इस्‍तीफा देना चाहिए...?

 

प्रियंका गांधी ने रैली में रखी 5 मांगे

महारैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि, निर्वाचन आयोग को लोकसभा चुनाव में सभी दलों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करना चाहिए।उन्होंने कहा कि, ''इंडिया गठबंधन की 5 मांगें हैं।चुनाव आयोग को लोकसभा चुनाव में समान अवसर सुनिश्चित करना चाहिए।दूसरा, आयोग विपक्ष के खिलाफ ईडी, सीबीआई और आईटी द्वारा की जा रही कार्रवाई को रोके। तीसरा, हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल को तुरंत रिहा किया जाना चाहिए।चौथा, विपक्ष को आर्थिक रूप से कमजोर करने की कोशिशों को रोका जाना चाहिए।पांचवां, चुनावी बांड के जरिए बीजेपी द्वारा जुटाए गए धन की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया जाना चाहिए।

 

रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा,आपको तय करना होगा कि आप लोकतंत्र चाहते हैं या तानाशाही,जो लोग तानाशाही का समर्थन करते हैं उन्हें देश से बाहर निकालने की जरूरत है।बीजेपी और RSS जहर की तरह हैं।अगर तुमने जहर चखा तो भी तुम मर जाओगे।

वही बीजेपी पार्टी के अनुराग ठाकुर ने इस महारैली पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ये जो लड़ाई लड़ रहे हैं वो लोकतंत्र को बचाने के लिए नहीं बल्कि भ्रष्टाचार को बचाने के लिए, सनातन विरोधी आवाजों को बचाने के लिए, कट मनी को बचाने के लिए लड़ रहे हैं।यह लड़ाई इन बेईमान लोगों को बचाने के लिए है, जो एक साथ मंच पर जुटे हैं।उनमें से अधिकांश जमानत पर बाहर हैं और गंभीर अपराधों के आरोपी हैं।