पुराना भोजपुर गोलीकांड के फरार आरोपी के घर पुलिस ने चस्पाया इश्तहार

नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर गांव में हुए चर्चित गोलीकांड के फरार आरोपी पर अब पुलिस ने शिकंजा कसना तेज कर दिया है। लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे आर्म्स एक्ट के नामजद अभियुक्त आशीष सिंह के घर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तहार चस्पा किया है। इसके साथ ही पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि अब आरोपी के पास आत्मसमर्पण के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।

पुराना भोजपुर गोलीकांड के फरार आरोपी के घर पुलिस ने चस्पाया इश्तहार

केटी न्यूज/डुमरांव

नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर गांव में हुए चर्चित गोलीकांड के फरार आरोपी पर अब पुलिस ने शिकंजा कसना तेज कर दिया है। लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे आर्म्स एक्ट के नामजद अभियुक्त आशीष सिंह के घर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तहार चस्पा किया है। इसके साथ ही पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि अब आरोपी के पास आत्मसमर्पण के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।जानकारी के अनुसार करीब चार माह पूर्व पुराना भोजपुर गांव निवासी शिवम यादव शादी समारोह से भोज खाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ परिचित युवकों से मामूली कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने शिवम यादव पर गोली चला दी। गोली उनके कंधे के समीप लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।परिजनों ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए आरा ले जाया, जहां पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल का फर्द बयान दर्ज किया। इसी बयान के आधार पर नया भोजपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 120/25 समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत नामजद केस दर्ज किया गया था।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि इस कांड में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। हाल ही में एक अन्य आरोपी धनजी सिंह को रोहतास जिले के बूढ़ी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। वहीं मुख्य फरार आरोपी आशीष सिंह की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।थानाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि इश्तहार चस्पा होने के बाद भी यदि आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती समेत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपियों में हड़कंप मच गया है।