डुमरांव-राजपुर में छापेमारी, चार बाल श्रमिक मुक्त
श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को डुमरांव और राजपुर प्रखंड क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल चार बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया।

--दोषी नियोजकों पर होगी एफआईआर, बाल कल्याण समिति को सौंपे गए बच्चे
केटी न्यूज/डुमरांव
श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को डुमरांव और राजपुर प्रखंड क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल चार बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया। कार्रवाई जिला पदाधिकारी बक्सर के निर्देश तथा श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के आदेश पर गठित धावादल द्वारा की गई।अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी केसठ, चक्की, चौगाई, राजपुर, चौसा और इटाढ़ी की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने दोनों प्रखंडों के विभिन्न क्षेत्रों में जांच कर बाल श्रम कानून का उल्लंघन करने वाले नियोजकों के खिलाफ कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान बाल श्रमिकों को कार्यस्थलों से मुक्त कराकर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।इस अभियान में प्रशासनिक टीम के साथ डुमरांव एवं धनसोई थाना की पुलिस भी मौजूद रही। इसके अलावा स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान के सदस्यों ने भी अभियान में सहयोग किया। अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रमिकों को मुक्त कराने के बाद उन्हें जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर सुपुर्द कर दिया गया है, ताकि उनके संरक्षण, शिक्षा और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।श्रम विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल श्रम निषेध कानून का उल्लंघन करने वाले दोषी नियोजकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

साथ ही मुक्त कराए गए बच्चों के पुनर्वास के लिए विभागीय प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने कहा कि बक्सर जिले में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर विभाग लगातार अभियान चला रहा है। आने वाले दिनों में भी विभिन्न प्रखंडों और बाजार क्षेत्रों में छापेमारी जारी रहेगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी बच्चे से मजदूरी न कराएं और बाल श्रम की सूचना मिलने पर प्रशासन को अवश्य अवगत कराएं।

