महिलाओं का सम्मान ही मां दुर्गा की सच्ची आराधना : राहुल कुमार सिंह

डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान करना ही मां दुर्गा की सच्ची आराधना है। उन्होंने डुमरांव को पूरे बिहार के लिए एक मॉडल शहर के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया।

महिलाओं का सम्मान ही मां दुर्गा की सच्ची आराधना : राहुल कुमार सिंह

__ नवरात्र के बाद डुमरांव को मॉडल शहर बनाने की कवायद होगी तेज, बिजली विभाग के अधिकारियों पर लगे मनमानी और उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार के आरोप; उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई का विधायक ने दिया भरोसा

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान करना ही मां दुर्गा की सच्ची आराधना है। उन्होंने डुमरांव को पूरे बिहार के लिए एक मॉडल शहर के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया। विधायक ने कहा कि नवरात्र के बाद शहर को सुंदर, स्वच्छ और विकसित बनाने की दिशा में काम शुरू किया जाएगा। इसमें सबसे पहले सड़कों के निर्माण और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा।

__ डांडिया आयोजन पर प्राथमिकी को लेकर उठाए सवाल

विधायक ने बक्सर में आयोजित डांडिया कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ प्रशासन की ओर से स्वत: संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस कार्यक्रम में वह स्वयं और बक्सर सांसद मौजूद थे, वहां उनकी मौजूदगी के दौरान कोई आपत्तिजनक गतिविधि देखने को नहीं मिली। विधायक के अनुसार, डांडिया भारतीय संस्कृति का हिस्सा है और इस आयोजन में लोग अपने परिवार तथा बच्चों के साथ शामिल हुए थे। ऐसे कार्यक्रम पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने को उन्होंने अनुचित बताते हुए कहा कि प्रशासन को कार्रवाई करने से पहले पूरे मामले के तथ्यों और परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

__ बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ शिकायतों का मुद्दा उठाया

विधायक ने डुमरांव अनुमंडल के बिजली विभाग के कुछ अधिकारियों के कामकाज पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एसडीओ अर्जुन वर्मा और ब्रह्मपुर के कनीय अभियंता अमित राय के खिलाफ उपभोक्ताओं से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। आरोप है कि ग्रामीण उपभोक्ताओं पर मनमाने ढंग से कंपाउंडिंग चार्ज लगाया जा रहा है। वहीं, अपनी शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचने वाले लोगों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट किए जाने की बातें भी सामने आ रही हैं।विधायक ने कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के धरहरा गांव निवासी अरुण कुशवाहा का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके घरेलू बिजली कनेक्शन के मामले में 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने इस कार्रवाई की वैधता पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आया।

__ लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी

राहुल कुमार सिंह ने कहा कि आम जनता को परेशान करना और उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई है। जल्द ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा।विधायक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम लोगों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस राह में बाधा बनने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि आम जनता को अपने जायज काम के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।प्रेस वार्ता में जदयू नेता मोनू सिंह, नथुनी प्रसाद खरवार, अमरेंद्र केवट, सुजीत सिंह, रोहित सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।