नाविकों ने दिखाई बहादुरी, गंगा में डूबती महिला को बचाया, समय रहते रेस्क्यू से बची महिला की जान
रविवार की सुबह वीर कुंवर सिंह सेतु पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला ने अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद महिलाओं और नाविकों की तत्परता से महिला की जान बचा ली गई। बताया जा रहा है कि सुबह कुछ महिलाएं गंगा घाट पर स्नान कर रही थीं। इसी बीच उन्होंने पुल से एक महिला को गिरते देखा। महिलाओं ने तुरंत शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग सतर्क हो गए।

केटी न्यूज़/बक्सर

घाट पर मौजूद नाविकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत नदी में छलांग लगा दी और गहरे पानी में जाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लाए। घटना की सूचना नगर थाना को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर है और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने महिला की पहचान मेन रोड निवासी मुन्ना शाह की पत्नी सोनी देवी के रूप में की है। इस घटना को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया।
स्थानीय लोगों ने नाविकों की बहादुरी की सराहना करते हुए प्रशासन से उन्हें सम्मानित करने की मांग की है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।