मलई बराज निर्माण को लेकर समाजवादी किसानों ने निकाली पदयात्रा

मलई बराज निर्माण को लेकर समाजवादी किसानों ने निकाली पदयात्रा

- दो बार हुआ मलई बराज का शिलान्यास लेकिन चार दशक में भी नहीं पूरा हुआ निर्माण

केटी न्यूज/डुमरांव 

सूबे के दो मुख्यमंत्रियों द्वारा डुमरांव अनुमंडल के मलई बराज योजना का शिलान्यास किया गया था लेकिन चार दशक पूरा होने के बाद भी बराज से जुड़े किसानों के खेतों को पानी नही मिला। मलई बराज के अधूरे निर्माण को पूरा कराने की मांग को लेकर समाजवादी किसानों ने पदयात्रा कर अपनी मांग उठायी।

किसानों के महानायक पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस पर किसानों का जत्था शहीद पार्क में पहुंच कर शहीदों पर माल्यापर्ण क़िया और डुमरांव से नावानगर तक अपनी पदयात्रा कर आवाज बुलंद की। इस कार्यक्रम का आयोजन नावानगर जिला पार्षद के सदस्य डॉ राजीव यादव एवं समाजवादी विचार मंच सह राजद नेता संतोष मुखिया के नेतृत्व में किया गया।

शहीद स्मारक पर अपने संबोधन के दौरान समाजवादी किसानों ने कहा कि वर्ष 1982 में पूर्व मुख्यमंत्री बिंदेश्वरी दुबे और वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2010 में मलई बराज का शिलान्यास कर जल्द ही किसानों का सपना पूरा करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि करोड़ो रुपये खर्च होने के बाद भी मलई बराज निर्माण अधूरा पड़ा है।

आज भी डुमरांव क्षेत्र के किसान अपने खेती को लेकर आसमानी बारिश पर टकटकी लगाये रहते हैं। विभागीय अधिकारी भी इस परियोजना को लेकर उदासीन बने है। मौके पर पूर्व सांसद तेजनारायण सिंह, पूर्व विधायक रामाश्रय सिंह, शिक्षक ददन यादव, शमीम मंसूरी, सुदामा प्रसाद, मनोज यादव सहित राजद के सैकड़ो कार्यकर्ता शामिल थे।