बक्सर में भीषण गर्मी का कहर: जिले में लगा अर्द्ध लॉकडाउन दोपहर 12 से 4 बजे तक दुकानें व सार्वजनिक स्थल बंद का निर्देश

जिले में लगातार बढ़ते तापमान और दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी एवं लू को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के बाद प्रशासन ने आमजन के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया है।

बक्सर में भीषण गर्मी का कहर: जिले में लगा अर्द्ध लॉकडाउन दोपहर 12 से 4 बजे तक दुकानें व सार्वजनिक स्थल बंद का निर्देश

__ लू से बचाव को प्रशासन अलर्ट, जरूरी सेवाओं को छूट — नागरिकों से घरों में रहने और सावधानी बरतने की अपील

केटी न्यूज/बक्सर

जिले में लगातार बढ़ते तापमान और दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी एवं लू को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के बाद प्रशासन ने आमजन के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया है। प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार बक्सर जिले में दोपहर 12 बजे से अपराह्न 4 बजे तक सभी दुकानों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालन पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को भी इसी अवधि में सीमित रखने तथा केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में परिचालन की अनुमति देने का निर्देश जारी किया गया है।

हालांकि चिकित्सा सेवाएं, दवा दुकानें, पेयजल आपूर्ति, दुग्ध वितरण एवं अन्य आवश्यक आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है ताकि आम लोगों को जरूरी सुविधाएं मिलती रहें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कदम नागरिकों को लू और गर्म हवाओं के दुष्प्रभाव से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, उल्टी और बेहोशी जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। खासकर बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और पहले से बीमार लोग अधिक प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर जाते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा हल्के और सूती कपड़े पहनें। खाली पेट धूप में निकलने से बचने और ओआरएस, नींबू पानी, छाछ एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह भी दी गई है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने तथा सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल, छाया और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।