सोनपा में जमीन विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर पथराव, कई पुलिसकर्मी जख्मी, दस गिरफ्तार

सोनपा में जमीन विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर पथराव, कई पुलिसकर्मी जख्मी, दस गिरफ्तार
पुलिस गिरफ्त में सभी आरोपी

- विवादित स्थल पर निर्माण रोकने गई थी पुलिस, अचानक मजदूरों व परिजनों ने किया हमला

केटी न्यूज/राजपुर : राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव में रविवार की शाम विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर मजदूरों तथा ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया। ग्रामीण पुलिस पर ईंट पत्थर बरसाने लगे। हालांकि पुलिस ने संयम से काम लिया। ग्रामीणों के तेवर देख पहले पुलिस टीम पीछे हट गई। लेकिन थोड़ी देर बाद ही पथराव कर रहे लोगों में से दस को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने दस नामजद तथा 20 अज्ञात समेत कुल 30 लोगों पर पुलिस टीम पर पथराव करने, सरकारी काम में बाधा डालने आदि धाराओं में एफआईआर दर्ज कराया है। 

विवादित जमीन पर जबरन निर्माण की सूचना पर पहुंची थी पुलिस : 

मिली जानकारी के अनुसार गांव के ही आनंद भूषण पिता जवाहरलाल का अपने पड़ोसी से जमीन विवाद चल रहा है। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसी विवादित जमीन पर निर्माण कार्य शुरू किया गया था। जिसको लेकर कोर्ट के द्वारा यथास्थिति बहाल करते हुए शांति व्यवस्था कायम करने के लिए राजपुर थाना को निर्देश दिया गया था। कोर्ट के निर्देश  पर थाना अध्यक्ष युसूफ अंसारी के नेतृत्व में गठित पुलिस बलों की टीम के द्वारा घटनास्थल पर जाकर निर्माण कार्य बंद करने की बात कही गई थी। फिर भी आनंद भूषण के जमीन पर निर्माण कार्य करने वाले मिस्त्री एवं मजदूरों ने काम बंद नहीं किया था। इसके बाद पुनः थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को सूचित करते हुए कई थानों की पुलिस के साथ पहुंचकर निर्माण कार्य बंद करते हुए यथास्थिति बहाल करने की बात कही, तभी सभी मजदूर बहकावे में आकर ईंट पत्थर चलाना शुरु कर दिए। इस हमले में चौकीदार दयाशंकर पासवान समेत कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आई है। हालांकि उनकी चोट गंभीर नहीं है। स्थानीय सीएचसी में घायलों को प्राथमिक इलाज कराया गया है। इस घटना के बाद सोनपा गांव में भगदड़ मच गई थी। पुलिस पर पथराव के बाद लोग अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए थे। वही लगतार पुलिस व पब्लिक के बीच हो रहे टकराव से कई सवाल खड़े हो रहे है। 

दस नामजदों को पुलिस ने कर लिया है गिरफ्तार : 

पुलिस पर पथराव करने वाले 10 नामजद लोगों को पुलिस ने हिम्मत दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार होने वालों में लाल बिहारी चौहान, गुड्डू चौहान, शिवपरसन चौहान, विशाल चौहान, अंशु चौहान, धर्मेंद्र राजभर, अविनाश कुमार, जनार्दन सिंह, सचिन कुमार एवं रमेश बिंद शामिल है। आवश्यक पूछताछ के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि मौके का फायदा उठा कई लोग भागने में सफल रहे है। पुलिस उन्हें चिन्हित कर गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। राजपुर थानाध्यक्ष युसुफ अंसारी ने कहा कि विवादित जमीन पर निर्माण की सूचना पर पुलिस टीम उसे रोकने गई थी। इसी दौरान मकान निर्माण में लगे मजदूरों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।