रसेन में सजी शिव-बारात, गूंजा हर-हर महादेव; हिंदू-मुस्लिम एकता बनी आकर्षण का केंद्र

प्रखंड के रसेन गांव में महाशिवरात्रि की रात आस्था, उल्लास और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। वर्षों पुरानी परंपरा को निभाते हुए स्थानीय ग्रामीणों और महाशिव शक्ति संघ के तत्वावधान में शिव-पार्वती विवाह का भव्य आयोजन किया गया। गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ निकली शिव-बारात ने पूरे गांव का माहौल भक्तिमय बना दिया।

रसेन में सजी शिव-बारात, गूंजा हर-हर महादेव; हिंदू-मुस्लिम एकता बनी आकर्षण का केंद्र

केटी न्यूज/राजपुर

प्रखंड के रसेन गांव में महाशिवरात्रि की रात आस्था, उल्लास और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। वर्षों पुरानी परंपरा को निभाते हुए स्थानीय ग्रामीणों और महाशिव शक्ति संघ के तत्वावधान में शिव-पार्वती विवाह का भव्य आयोजन किया गया। गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ निकली शिव-बारात ने पूरे गांव का माहौल भक्तिमय बना दिया।सहदेई टोला से प्रारंभ हुई झांकी गांव की गलियों से गुजरते हुए रसेन शिव मंदिर पहुंची।

भगवान शिव के रूप में विकास पांडेय, माता पार्वती के रूप में नागेश कुमार शर्मा, मैना के रूप में शमशाद अंसारी, नारद के रूप में रविन्द्र सिंह, हिमाचल के रूप में अजय सिंह, इन्द्र के रूप में धनंजय सिंह, विष्णु के रूप में राजनारायण मिश्र, ब्रह्मा के रूप में हरिनारायण पंडित और सप्तऋषियों के रूप में धनंजय मिश्र समेत अन्य कलाकारों ने जीवंत प्रस्तुति दी।इस आयोजन की खास बात रही धार्मिक सद्भावना की मिसाल। मैना का पात्र निभा रहे मुस्लिम समाज के सदस्य शमशाद अंसारी ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश सशक्त रूप से उभरा।

बारात के मंदिर पहुंचते ही पारंपरिक द्वार पूजा गीतों से स्वागत हुआ और मंच पर भगवान शिव की भव्य आरती की गई। मंगल ध्वनि और जयघोष से वातावरण गूंज उठा। तियरा, बन्नी, मोहरिहां समेत दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस दिव्य आयोजन के साक्षी बने।कार्यक्रम में सुनिल गुप्ता, बृजनन्दन चौबे, राघवेंद्र चौबे, मदन गोपाल सिंह उर्फ सुमंत मौर्या, संतोष यादव, श्रीराम साह, कुश यादव और संजय पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन ने न केवल आस्था को सशक्त किया, बल्कि सामाजिक एकता का भी सजीव संदेश दिया।