प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर सख्ती, सड़कों के चौड़ीकरण और योजनाओं की समीक्षा
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (पीएमजी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

__ डीएम साहिला ने लंबित कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश, सूर्य घर योजना के निरस्त आवेदनों के निष्पादन पर भी जोर
केटी न्यूज/बक्सर:
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (पीएमजी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर, कार्यपालक अभियंता स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल बक्सर तथा कार्यपालक अभियंता सोन नहर प्रमंडल बक्सर की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया गया।

जिलाधिकारी ने इस पर नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगे जाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।समीक्षा के क्रम में जिले की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई। गोलंबर से ज्योति चौक, बड़ी मस्जिद से सेंट्रल जेल, एनएच-922 से बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर तक तथा पुराना भोजपुर से सिमरी रोड तक के निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि वन प्रमंडल से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त नहीं होने के कारण कुछ कार्य लंबित हैं।

इस पर जिलाधिकारी ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि वन विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र एनओसी प्राप्त करें और शेष कार्यों को हर हाल में पूरा करना सुनिश्चित करें।इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में टूटे हुए और जर्जर सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि खराब सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य तत्काल शुरू किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। यह पाया गया कि 200 से अधिक आवेदकों के ऋण आवेदन विभिन्न बैंकों द्वारा निरस्त कर दिए गए हैं।

इस पर डीएम ने चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन बैंकों ने आवेदन निरस्त किए हैं, उनके साथ समन्वय स्थापित कर बैठक आयोजित की जाए और निरस्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ हर हाल में मिलना चाहिए।जिलाधिकारी साहिला ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और कार्य में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे और अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

