अरियांव में संदेहास्पद स्थिति में युवती की मौत, आत्महत्या की आशंका जता रही है पुलिस

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में संदेहास्पद स्थिति में एक युवती की मौत हो गई है। शव सड़ने लगा था, उससे दुर्गंध उठ रही थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत चार-पांच दिन पहले हुई होगी। युवती मानसिक रूप से अवसाद में थी तथा शव अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा था, कमरा अंदर से बंद था तथा मौके से खून से सना एक गमछा व एक चाकू मिला है।

अरियांव में संदेहास्पद स्थिति में युवती की मौत, आत्महत्या की आशंका जता रही है पुलिस

-- घर में अकेली थी युवती, चार-पांच दिन पुराना लग रहा था शव, मानसिक अवसाद में बताई जा रही थी युवती, स्वजनों ने नहीं लगाया किसी तरह का आरोप

केटी न्यूज/डुमरांव

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में संदेहास्पद स्थिति में एक युवती की मौत हो गई है। शव सड़ने लगा था, उससे दुर्गंध उठ रही थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत चार-पांच दिन पहले हुई होगी। युवती मानसिक रूप से अवसाद में थी तथा शव अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा था, कमरा अंदर से बंद था तथा मौके से खून से सना एक गमछा व एक चाकू मिला है। मंगलवार को मुंबई से उसकी मां के लौटने पर इसका खुलासा हुआ। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, सूचना मिलते ही एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची तथा कई साक्ष्य इकट्ठा किए।

मृतका की पहचान अरियांव निवासी गौरीशंकर राम की 30 वर्षीय बेटी अनुषा कुमारी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार गौरीशंकर मध्य प्रदेश के भोपाल में रहते है। वे रिटायर्ड बैंक मैनेजर है। उनके चार पुत्रियों में अनुषा तीसरे नंबर पर थी तथा उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। वह गांव में अपनी मां शांति देवी के साथ रहती थी। मां शांति देवी ने बताया कि अनुषा पहले भोपाल में ही किसी निजी क्षेत्र में जॉब करती थी, लेकिन पिछले कुछ समय से मानसिक अवसाद में चल रही थी, जिस कारण वह जॉब छोेड़ दी थी तथा मेरे साथ गांव में ही रहती थी।मां ने बताया कि 14 अपै्रल को वह मुंबई में नौकरी कर रहे अपने बेटे-बेटियों के पास चली गई थी।

इस दौरान अनुषा ने अकेले गांव में रहने की बात कह मुंबई जाने से मना कर दिया था। शांति देवी के अनुसार अनुषा से पिछली बात 16 और 17 अपै्रल को ही हुई थी, इसके बाद वह फोन नहीं उठा रही थी। मंगलवार को दोपहर में आने के बाद उसका कमरा अंदर से बंद था तथा बदबू आ रही थी, जिसके बाद कारपेंटर बुलवा दरवाजा तुड़वाई तो अंदर उसकी लाश पड़ी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, घर के चारों तरफ सीसीटीवी कैमरा भी लगा है, लेकिन उसे बंद रखा गया था। वहीं, उसी अहाते में उनके पट्टीदार भी रहते है, जिन्हें अनुषा की मौत की खबर नहीं लगी थी। बहरहाल पुलिस इसे आत्महत्या मानकर ही चल रही है। मां शांति देवी ने भी किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है। मां का कहना था कि मानसिक अवसाद में ही उसने आत्महत्या कर ली होगी।

बयान

अरियांव में युवती के शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया गया। घटना स्थल का बारीकी से अध्ययन व मृतका के मां के बयान से स्पष्ट हो रहा है कि युवती मानसिक अवसाद में थी। एसडीपीओ ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है।