बीस दिन में बिजली तार चोरी की दस वारदात, 60 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ

बिजली परियोजनाओं को निशाना बनाकर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस और विद्युत कंपनी की चिंता बढ़ा दी है। मानिकपुर कथराई स्थित निर्माणाधीन विद्युत पावर सब स्टेशन की लाइन से तार काटकर ले जा रहे गिरोह के दो सदस्यों को राजपुर पुलिस ने बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग पर बसही नयका रोड के समीप गिरफ्तार कर लिया।

बीस दिन में बिजली तार चोरी की दस वारदात, 60 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ

__ पावर सब स्टेशन की निर्माणाधीन लाइन से तार काटकर ले जा रहे दो गिरफ्तार, पिकअप-बाइक व कटर बरामद

केटी न्यूज/राजपुर। 

बिजली परियोजनाओं को निशाना बनाकर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस और विद्युत कंपनी की चिंता बढ़ा दी है। मानिकपुर कथराई स्थित निर्माणाधीन विद्युत पावर सब स्टेशन की लाइन से तार काटकर ले जा रहे गिरोह के दो सदस्यों को राजपुर पुलिस ने बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग पर बसही नयका रोड के समीप गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 12 पोल का बिजली तार, एक पिकअप, बाइक और तार काटने वाला कटर बरामद किया है। बरामद तार की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।एसडीपीओ गौरव पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अपराध नियंत्रण को लेकर थानाध्यक्ष निवास कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान सूचना मिली कि धनसोई थाना क्षेत्र के मानिकपुर कथराई में बन रहे पावर सब स्टेशन के लिए बिछाए गए बिजली तार को काटकर कुछ लोग पिकअप से ले जा रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस ने बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू कर दी।इसी क्रम में बसही नयका रोड के पास एक पिकअप को आते देखा गया। उसके आगे एक बाइक चल रही थी। पुलिस को देखते ही दोनों वाहनों पर सवार लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दो लोगों को दबोच लिया। तलाशी में पिकअप पर बिजली का तार मिला। पूछताछ में आरोपियों ने तार चोरी कर किसी ठेकेदार के माध्यम से दूसरी जगह भेजे जाने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के शिवन गांव निवासी चंदन मुसहर तथा रामपुर कुंवर टोला निवासी महेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरोह में शामिल अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।इधर, कंपनी के मैनेजर पंकज पांडेय ने बताया कि पिछले 20 दिनों में बिजली सामग्री चोरी की करीब दस घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें लगभग 60 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। दो दिन पहले बन्नी पंचायत के डीहरियां गांव के बधार से कृषि ट्रांसफार्मर चोरी की घटना भी सामने आई थी। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।