केंद्रीय बजट जनविरोधी, आम जनता को निराशा हाथ लगी - डॉ. मनोज पांडे
केंद्रीय बजट को लेकर बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पटना में आयोजित जिला अध्यक्षों की बैठक के बाद उन्होंने बजट को पूरी तरह जनविरोधी बताते हुए कहा कि यह आम जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता। डॉ. पांडे ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत यह बजट बेरोजगार युवाओं, किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग के साथ छलावा है।
-- बक्सर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, युवाओं, किसानों, गरीबों के लिए बजट में कुछ नहीं, केवल पूंजीपतियों को लाभ
केटी न्यूज/बक्सर
केंद्रीय बजट को लेकर बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पटना में आयोजित जिला अध्यक्षों की बैठक के बाद उन्होंने बजट को पूरी तरह जनविरोधी बताते हुए कहा कि यह आम जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता। डॉ. पांडे ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत यह बजट बेरोजगार युवाओं, किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग के साथ छलावा है।उन्होंने कहा कि बजट में न तो बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार सृजन की कोई ठोस व्यवस्था की गई है और न ही आम नागरिकों की आय बढ़ाने को लेकर कोई स्पष्ट योजना सामने आई है।

देश में लगातार बढ़ रही महंगाई से आम लोग पहले ही परेशान हैं, लेकिन बजट में महंगाई पर नियंत्रण के लिए कोई प्रभावी उपाय नहीं किए गए हैं, जिससे जनता की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं।डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर जीवन यापन करने वाले गरीब, दलित, पिछड़े, मजदूर और किसान वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए इस बजट में कुछ भी ठोस नहीं है। सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से जो बड़े-बड़े वादे किए थे, उनके अनुरूप बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट अंग्रेजी शासन की तर्ज पर तैयार किया गया है, जिसमें केवल बड़े पूंजीपतियों और उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई है।

उन्होंने आगे कहा कि यह बजट केवल लोक-लुभावन घोषणाओं का पुलिंदा है। इसमें न मानवता की चिंता दिखाई देती है और न ही संविधान की मूल भावना का सम्मान। सरकार ने आम जनता की समस्याओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।डॉ. पांडे ने कहा कि यह बजट देश और प्रदेश की जनता के लिए बेहद निराशाजनक है और इससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ और अधिक बढ़ेगा। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी बजट का कड़ा विरोध करती है और जनता की आवाज़ को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती के साथ उठाती रहेगी।

