रणजीत राय हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट चुके रामसुरेश उर्फ लांगा यादव के स्वागत जुलूस और जनसभा ने बदले राजनीतिक माहौल के संकेत दिए
सरेंजा पंचायत के चर्चित रणजीत राय हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट चुके रामसुरेश यादव उर्फ लांगा यादव की गुरुवार को बेहतर आचरण के आधार पर जेल से रिहाई के बाद क्षेत्र की पंचायत राजनीति में नई हलचल तेज हो गई। बक्सर से सरेंजा तक समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।

केटी न्यूज/चौसा
सरेंजा पंचायत के चर्चित रणजीत राय हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट चुके रामसुरेश यादव उर्फ लांगा यादव की गुरुवार को बेहतर आचरण के आधार पर जेल से रिहाई के बाद क्षेत्र की पंचायत राजनीति में नई हलचल तेज हो गई। बक्सर से सरेंजा तक समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। वाहनों के लंबे काफिले, फूल-मालाओं, अबीर-गुलाल, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच निकले जुलूस ने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस शक्ति प्रदर्शन को लेकर स्थानीय स्तर पर नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।सरेंजा पहुंचने पर खेल मैदान में आयोजित स्वागत सभा को संबोधित करते हुए लांगा यादव ने कहा कि वे पहले की तरह क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।

उन्होंने पंचायत में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का प्रयास करने तथा सरेंजा अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सक और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की दिशा में काम करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पंचायतवासियों के लिए उनका दरवाजा हमेशा खुला रहेगा। इस दौरान उन्होंने वर्तमान मुखिया एवं अपनी पत्नी सुखराजी देवी द्वारा कराए गए विकास कार्यों, विशेषकर गली-नाली निर्माण की भी सराहना की।गौरतलब है कि वर्ष 2011 के पंचायत चुनाव के बाद उपजे विवाद के बीच छठ पर्व के दिन 1 नवंबर 2011 को होटल व्यवसायी रणजीत राय की हत्या कर दी गई थी।

इस मामले में लांगा यादव सहित 11 लोगों को आरोपित बनाया गया था। वर्ष 2016 में गिरफ्तारी के बाद वर्ष 2018 में अदालत ने उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।लांगा यादव की रिहाई और समर्थकों की सक्रियता को देखते हुए पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन सतर्क रहा। वहीं, उनकी वापसी को पंचायत की आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

