बक्सर में रसोई गैस की कोई कमी नहीं, 14 दिनों में 74 हजार से अधिक सिलेंडर वितरित
जिले में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य और संतोषजनक बताई है। अधिकारियों के अनुसार इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अंतर्गत संचालित कुल 27 गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को लगातार गैस की आपूर्ति की जा रही है। बीते 13 से 27 मार्च के बीच कुल 74,161 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया है, जबकि वर्तमान में एजेंसियों के पास 4,267 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।
__ ऑनलाइन बुकिंग को बढ़ावा, कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त; 24 घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष में आई 443 शिकायतें
केटी न्यूज/बक्सर:
जिले में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य और संतोषजनक बताई है। अधिकारियों के अनुसार इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अंतर्गत संचालित कुल 27 गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को लगातार गैस की आपूर्ति की जा रही है। बीते 13 से 27 मार्च के बीच कुल 74,161 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया है, जबकि वर्तमान में एजेंसियों के पास 4,267 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है।

ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं, बल्कि ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा का लाभ उठाएं और घर बैठे गैस प्राप्त करें।ऑनलाइन बुकिंग को आसान बनाने के लिए विभिन्न माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। उपभोक्ता व्हाट्सएप, मिस्ड कॉल और आईवीआरएस के जरिए अपनी गैस बुकिंग कर सकते हैं। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि एजेंसियों पर भीड़ भी कम होगी और वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी।गैस वितरण प्रणाली को संतुलित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बुकिंग के नियम भी निर्धारित किए हैं।

शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को अंतिम डिलीवरी के 25 दिनों बाद और ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को 45 दिनों के बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग की अनुमति दी गई है।इस व्यवस्था का उद्देश्य सभी उपभोक्ताओं तक समान रूप से गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।इधर, गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिले के वरीय अधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों और आपूर्ति विभाग की टीमों द्वारा लगातार गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है।

अब तक यहां कुल 443 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 392 मामलों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया है। शेष शिकायतों पर भी कार्रवाई जारी है।प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए वे सीधे जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06183-223333 पर संपर्क करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें।कुल मिलाकर जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि हर उपभोक्ता तक समय पर और पारदर्शी तरीके से एलपीजी गैस पहुंचे।

