धमकी से दहला न्यायिक तंत्र, बक्सर से डुमरांव तक हाई अलर्ट
बक्सर के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन डुमरांव अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय परिसर को तत्काल खाली कराते हुए आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी। सूचना मिलते ही न्यायिक परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द नियंत्रित कर ली गई।
-- सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की सूचना के बाद अनुमंडलीय न्यायालय खाली, डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ता ने खंगाला परिसर
केटी न्यूज/डुमरांव
बक्सर के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन डुमरांव अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय परिसर को तत्काल खाली कराते हुए आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी। सूचना मिलते ही न्यायिक परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द नियंत्रित कर ली गई।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के निर्देश पर डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने न्यायालय भवन, रिकॉर्ड रूम, अधिवक्ता कक्ष, पार्किंग स्थल और प्रवेश द्वारों की गहन तलाशी ली।जांच के दौरान हर संदिग्ध वस्तु की बारीकी से पड़ताल की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और परिसर को सुरक्षित घोषित करने से पहले बहुस्तरीय जांच की जा रही है।सुरक्षा एजेंसियों ने न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है तथा आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है।

प्रवेश बिंदुओं पर निगरानी सख्त कर दी गई है और आने-जाने वालों की जांच की जा रही है।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस धमकी के स्रोत और इसके पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है।फिलहाल न्यायिक कार्य बाधित रहा, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा सुनिश्चित होते ही सामान्य गतिविधियां बहाल कर दी जाएंगी। पूरे घटनाक्रम ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता को उजागर कर दिया है।

