सिमरी में प्राकृतिक खेती पर किसानों का प्रशिक्षण संपन्न

सिमरी प्रखंड मुख्यालय स्थित ई-किसान भवन में मंगलवार को राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन योजना के अंतर्गत चयनित क्लस्टर के किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक एवं रासायनिक मुक्त खेती के प्रति जागरूक करना, उनकी क्षमता का निर्माण करना और खेती को टिकाऊ एवं लाभकारी बनाना था।

सिमरी में प्राकृतिक खेती पर किसानों का प्रशिक्षण संपन्न

केटी न्यूज/सिमरी।

सिमरी प्रखंड मुख्यालय स्थित ई-किसान भवन में मंगलवार को राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन योजना के अंतर्गत चयनित क्लस्टर के किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक एवं रासायनिक मुक्त खेती के प्रति जागरूक करना, उनकी क्षमता का निर्माण करना और खेती को टिकाऊ एवं लाभकारी बनाना था।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने किसानों को बताया कि प्राकृतिक खेती न केवल मिट्टी की सेहत को पुनर्जीवित करती है बल्कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर उत्पादन लागत को भी काफी हद तक घटाती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पन्न खाद्यान्न अधिक पौष्टिक होने के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए सुरक्षित होते हैं।

प्रशिक्षकों ने जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत, मल्चिंग, मिश्रित खेती तथा गो-आधारित कृषि प्रणालियों के लाभों पर विस्तृत जानकारी दी। किसानों को फसल संरक्षण के जैविक तरीकों तथा जल-संरक्षण तकनीकों के उपयोग से उत्पादन बढ़ाने के उपाय भी बताए गए।

कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार, उर्वरक निरीक्षक सह कृषि सामान्य पदाधिकारी अमन अहमद समेत प्रशिक्षक दल उपस्थित रहे। सैकड़ों किसानों ने प्रशिक्षण में भाग लेकर प्राकृतिक खेती अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।इस प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों में टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने और रासायनिक मुक्त खेती के प्रति उत्साह देखने को मिला। जिला कृषि विभाग ने ऐसे कार्यक्रमों को भविष्य में भी जारी रखने की बात कही।