छोटकी सिंगही हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, तीन के खिलाफ वारंट

छोटकी सिंगही हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, तीन के खिलाफ वारंट

- घर से भागने के दौरान पुलिस ने गुरुवार की सुबह बाइपास से दोनों आरोपितों को पकड़ा 

- फरार मुख्य आरोपित ऋतिक सहित तीन के खिलाफ कुर्की की प्रक्रिया शुरू

- मूर्ति विसर्जन के दौरान उपजे विवाद में 31 अक्टूबर की शाम की हुई थी वारदात 

केटी न्यूज/आरा

जिले के टाउन थाना अंतर्गत छोटकी सिंगही हत्याकांड में पुलिस द्वारा फिर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें छोटकी सिंगही गांव निवासी राजा सिंह और बंटी सिंह शामिल हैं। राजा कुमार सिंह मुख्य आरोपित ऋतिक सिंह का भाई है। उस पर भी अभिषेक सिंह एवं सागर सिंह को गोली मारने और ढेमन सिंह पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। दोनों को गुरुवार की सुबह नवनिर्मित फोरलेन बाइपास से गिरफ्तार किया गया। इधर, फरार चल रहे मुख्य आरोपित ऋतिक सिंह सहित तीन आरोपितों के खिलाफ कोर्ट द्वारा वारंट जारी किया गया है। उसके बाद पुलिस द्वारा तीनों के खिलाफ कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। पुलिस अब वारंट लौटा कर इश्तेहार और कुर्की के लिए कोर्ट में अर्जी देगी। जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि राजा कुमार सिंह और बंटी सिंह घर आये हैं। उस आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह और दारोगा विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस द्वारा छापेमारी की गयी। लेकिन पुलिस की भनक लगते ही दोनों घर से भाग निकले। इस पर पुलिस ने पीछा कर पटना बाइपास से दोनों को दबोच लिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस द्वारा ऋतिक सिंह, उसके भाई रवि सिंह सहित तीन आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है। 

इश्तेहार व कुर्की को लेकर जल्द कोर्ट पहुंचेगी पुलिस 

छोटकी सिंगही हत्याकांड में पुलिस द्वारा अबतक छह आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। हालांकि मुख्य आरोपित ऋतिक सिंह सहित तीन फरार चल रहे हैं। कोर्ट द्वारा तीनों के खिलाफ वारंट भी जारी कर दिया गया है। उसके बाद पुलिस की ओर से कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। उसे लेकर पुलिस जल्द ही कोर्ट पहुंचेगी। पुलिस वारंट लौटा कर इश्तेहार और कुर्की की अर्जी देगी। बताते चलें दें कि मूर्ति विसर्जन के दौरान उपजे विवाद को लेकर 31 अक्टूबर की शाम छोटकी सिंगही गांव में हिंसक झड़प हो गयी थी। उसके बाद शिकायत लेकर ऋतिक सिंह के घर पहुंचे अभिषेक सिंह, सागर सिंह और ढेमन सिंह पर हमला कर दिया गया था। उसमें अभिषेक सिंह और सागर सिंह को गोली मारी गयी थी। वहीं ढेमन सिंह को धारदार हथियार से काट दिया गया था। उसमें ढेमन सिंह की मौत हो गयी थी। उसे लेकर ऋतिक सिंह, उसके भाई रवि सिंह, राजा सिंह और मां सहित नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। उस मामले में पुलिस द्वारा की मां पुष्पा देवी सहित चार आरोपितों को पूर्व में भी गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।