साल्वर गैंग के दो अन्य शातिर कैमूर से गिरफ्तार, पूछताछ जारी

बिहार पुलिस के सिपाही परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश रचने वाले साल्वर गैंग के दो अन्य शातिरों को पुलिस ने रोहतास से गिरफ्तार किया है। इसके अलावे गिरोह के मास्टर माइंड को कैमूर पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

साल्वर गैंग के दो अन्य शातिर कैमूर से गिरफ्तार, पूछताछ जारी

- डुमरांव में गिरफ्तार हुए सेटरों ने पूछताछ में लिया था नाम, व्हाट्सऐप चैट भी पकड़ाई

केटी न्यूज/डुमरांव

बिहार पुलिस के सिपाही परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश रचने वाले साल्वर गैंग के दो अन्य शातिरों को पुलिस ने रोहतास से गिरफ्तार किया है। इसके अलावे गिरोह के मास्टर माइंड को कैमूर पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार लोगों में रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के धनेज गांव निवासी स्व. रामकुुमार पाल के पुत्र मंजीत पाल तथा इसी गांव के मो. कासिम साह का पुत्र शमीर साह शामिल है।

इसके पहले मंगलवार की रात डुमरांव स्टेशन के पास स्थित एक होटल से कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत रूईयां गांव के छोटेलाल चौरसिया उर्फ छोटू तथा मनिहारी के रौशन चौरसिया को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उनके पास से बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के 145 फर्जी प्रवेश पत्र के अलावे एक सादे कागज पर पटना और बक्सर के परीक्षा केन्द्रों के नाम कई परीक्षार्थियों का रौल नंबर, व्हाट्सऐप चैटिंग के अलावे कई अन्य दस्तावेज व नगदी बरामद हुए थे।

पूछताछ तथा उनके मोबाईल डिटेल्स से रोहतास के मंजीत और शमीर के भी शामिल होने की पुख्ता जानकारी मिली थी। जिसके बाद डुमरांव डीएसपी अफाक अख्तर अंसारी के निर्देश पर एक पुलिस टीम रोहतास जा वहा की स्थानीय पुलिस के सहयोग से दोनों को गिरफ्तार कर डुमरांव लाई है। इसके अलावे भी इस मामले से रोहतास, औरंगाबाद व भोजपुर जिले से कई युवको को गिरफ्तार किया गया है।

डीएसपी ने बताया कि इनका नेटवर्क बहुत बड़ा था तथा ये लोग भोले भाले युवकों को अपने जाल मंे फंसाते थे। उन्होंने कहा कि पूरे गिरोह को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। 

कैमूर का रहने वाला है मास्टर माइंड

साल्वर गैंग का मास्टर माइंड कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के लालापुर गांव का सूर्यकुमार पाल उर्फ पिंटू पाल है। बक्सर पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर पिंटू को कैमूर पुलिस बुधवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। उसे जेल भी भेजा जा चुका है। जबकि गिरोह के अन्य सदस्य भी गिरफ्तार हो चुके है। अब तक इस मामले में आधा दर्जन से अधिक गिरफ्तारियां हुई है। 

डुमरांव पुलिस की सतर्कता से हुआ भंडाफोड़

बता दें कि साल्वर गैंग के सदस्य सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़े स्तर पर गड़बड़ी फैलाने की साजिश रचे थे। न सिर्फ पहली परीक्षा में बल्कि अन्य पांच दिन की परीक्षाओं में भी कई अभ्यर्थियों की सेटिंग चल रही थी। उन्हें जाल में फंसाने का काम गिरोह के अन्य सदस्य कर रहे थें। लेकिन, ऐन वक्त पर ही डुमरांव पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनका खेल बिगाड़ दिया है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछत में गिरोह के संचालन सहित कई बिंदुओं पर अहम जानकारियां मिली है। जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। 

कहते है डीएसपी

बिहार पुलिस की परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वाले दो लोगों को मंगलवार की रात पकड़ा गया था। उनके निशानदेही पर ही रोहतास से दो अन्य शातिरों को गिरफ्तार किया गया है। इनका मास्टर माइंड कैमूर का रहने वाला है। जिसे स्थानीय पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। उनकी गिरफ्तारी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई है। - अफाक अख्तर अंसारी, डीएसपी, डुमरांव