तिलक में गये बाइक सवार दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, दो अन्य घायल

तिलक  में गये बाइक सवार दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, दो अन्य घायल

इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान दोनों युवकों ने रास्ते में तोड़ा दम 

दोनों घायलों की हालत चिंताजनक, आरा में इलाज के बाद पटना रेफर

पटना और भोजपुर के रहने वाले दोनों मृतक रिश्ते में बताये जा रहे जीजा-साला 

केटी न्यूज़/आरा

आरा-छपरा फोरलेन पर कोईलवर थाना क्षेत्र के हरंगी टोला मोड़ के पास शुक्रवार की देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी। उसी बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आरा सदर अस्पताल में इलाज के बाद दोनों को पटना रेफर कर दिया गया है। चारों शुक्रवार की रात एक ही बाइक से तिलक से लौट रहे थे।

तभी रास्ते में किसी वाहन ने चारों को रौंद डाला। मरने वालों में कोईलवर थाना क्षेत्र के पचरुखिया कला गांव निवासी छोटाई बिंद का 19 वर्षीय पुत्र रवि कुमार और पटना के मनेर थाना क्षेत्र के पूर्वी सूअर मरवा गांव निवासी विजय महतो के 23 वर्षीय पुत्र देवचंद कुमार थे। दोनों रिश्ते में जीजा-साला बताये जा रहे हैं।   

घायलों में पचरुखिया कला गांव निवासी 20 वर्षीय विकास कुमार और हाजीपुर गांव निवासी मोतीलाल महतो का 18 वर्षीय पुत्र बबलू कुमार शामिल हैं। चारों रवि कुमार की चचेरी बहन के तिलक में गये थे। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से चारों को आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। रवि कुमार के बड़े भाई उपेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात उनके बड़े पापा सदानंद बिंद की बेटी का तिलक बड़हरा थाना क्षेत्र के छितनी के बाग गांव गया था।

उनका भाई रवि कुमार तिलक में शामिल होने देवचंद कुमार, विकास कुमार और बबलू कुमार के साथ छितनी के बाग गांव गये थे। तिलक चढ़ जाने के बाद रात करीब साढ़े 11 बजे चारों एक ही बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। उस बीच हरंगी टोला मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। उसमें चारों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उसके बाद चारों को दिया।

उसमें बाद चारों को आरा सदर अस्पताल लाया गया। वहां रवि कुमार और देवचंद कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं गंभीर रूप से जख्मी विकास कुमार और बबलू कुमार को प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों की हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया गया। 

राजकोट में काम करता था रवि, तीन दिन पहले ही आया था गांव 

सड़क हादसे के शिकार देवचंद कुमार और रवि कुमार दोनों बाहर रहते थे। दोनों कुछ दिन पहले ही पचरुखिया कला गांव आये थे। शुक्रवार की रात तिलक समारोह से लौटते समय दोनों रफ्तार के कहर की भेंट चढ़ गए। बताया जा रहा है कि सुअरमरवा गांव देवचंद महतो का कोईलवर थाना क्षेत्र के पचरुखिय कला गांव में ससुराल है।

वह चार दिन पूर्व घूमने के लिहाज से ससुराल पचरुखिया गांव आया था। वहीं रवि कुमार राजकोट में प्राइवेट जॉब करता है। वह तीन दिन पूर्व ही राजकोट से गांव लौटा था। रिश्ता होने के कारण दोनों में काफी घनिष्ठता थी। शुक्रवार को रवि कुमार की चचेरी बहन का तिलक था।

ऐसे में देवचंद कुमार रवि और उसके घरवालों के कहने पर उसकी चचेरी बहन के तिलक में चला गया। उनके दो अन्य दोस्त भी बाइक पर सवार हो गए। इस बीच रास्ते में हादसा हो गया। उसमें देवचंद कुमार और रवि कुमार की मौत हो, जबकि दोनों दोस्त भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।