ऑनलाइन धोखाधड़ी से डिप्रेशन में चल रही महिला ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

ऑनलाइन धोखाधड़ी से डिप्रेशन में चल रही महिला ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

बच्चे गये थे स्कूल, घर में फांसी के फंदे से लटक कर महिला ने दी जान

घटनास्थल से सुसाइड नोट मिलने और उसमें धोखाधड़ी होने की कही जा रही बात

शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद छानबीन में जुटी पुलिस, सुसाइड नोट की कर रही जांच 

केटी न्यूज/आरा

नवादा थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप नगर में धोखाधड़ी से परेशान चल रही एक महिला ने खुदकुशी कर ली। उसने सोमवार की सुबह अपने घर में फांसी लगा कर जान दे दी। मृत महिला मूल रूप से गीधा थाना क्षेत्र के किशुनपुरा गांव निवासी संतोष कुमार पांडेय की 40 वर्षीया पत्नी स्मिता पांडेय थी। वह नवादा थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप नगर में किराए के मकान में रहती थी। दोपहर में बच्चों के स्कूल से आने के बाद घटना की जानकारी मिली।

उसके बाद सनसनी मच गयी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष कमलजीत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सूत्रों के अनुसार उसमें फ्रॉड होने की बात कही गयी है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह महिला के पुत्र व पुत्री स्कूल पढ़ने चले गए। तब महिला ने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली। दोपहर में बच्चे स्कूल से घर लौटे तो, दरवाजा खटखटाया। लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। गेट भी नहीं खुला।

तब बच्चों की ओर से अपने रिश्तेदार और आसपास के लोगों को सूचना दी गयी। सूचना मिलने परिजन  पहुंचे और खिड़की से झांककर देखा, तो वह फांसी से लटकी थी। उसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और उसे नीचे उतरा गया। परिजन द्वारा किसी फ्रॉड कंपनी से हुए संपर्क के बाद उससे लाखों रुपए की धोखाधड़ी की गई। उस कारण डिप्रेशन में आकर उसके द्वारा खुदकुशी करने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि खुदकुशी करने से पहले महिला द्वारा एक पन्ने पर सुसाइड नोट्स भी लिखा है।

उसमें लिखा गया है कि फेसबुक पर एक फ्रॉड प्राइवेट कंपनी के संपर्क में आ गई थी। कंपनी द्वारा कहा गया था कि घर बैठे वह कम पैसे खर्च कर हजारों कमा सकते हैं। उसके झांसे में आकर उसने अपने सभी जेवरों को गिरवी रख करीब ढाई लाख रुपये उसे फ्रॉड कंपनी को दिया था। कंपनी द्वारा बताए गए स्कीम पर काम नहीं किया गया और उसके सारे पैसे डूब गए। उस पैसे के डिप्रेशन में उसने खुदकुशी की है।

बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि महिला को पुत्र हर्षित पांडेय उर्फ आयुष्मान पांडेय और पुत्री हनी पांडेय है। महिला के पति संतोष कुमार पांडेय बेंगलुरु में कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते है। उसकी शादी वर्ष 2009 में हुई थी। घटना के बाद महिला के घर में कोहराम मचा है।