युवा जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष की गोली लगने से मौत

युवा जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष की गोली लगने से मौत

- सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के फतेहपुर बाजार में हुई घटना जांच में जूटी पुलिस, घटना स्थल से पिस्टल 

-फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने लिए जांच के नमूने

केटी न्यूज/आरा

युवा जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष की गोली लगने से मौत हो गई। जिसमें बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना भोजपुर के सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के फतेहपुर बाजार में मंगलवार की देर रात हुई। जहां गोली लगने से जदयू नेता दीपक कुमार उर्फ भिखारी की घटना स्थल पर मौत हो गयी। सूत्रों के अनुसार मृतक दीपक कुमार सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के कुरकुरी गांव निवासी कृष्णा सिंह के 22 वर्षीय पुत्र थे। दीपक फतेहपुर बाजार में अपना मकान बनाकर रहते थे। पूर्व में युवा जदयू के तरारी प्रखंड अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके कमरे में काफी खून फर्श पर गिरा हुआ था। गोली लगने का कारण फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। उनका कोल्ड ड्रिंक पीने को लेकर किसी से विवाद होने की भी चर्चा है। वैसे पुलिस की शुरुआती जांच में जदयू नेता को खुद से गोली लगने की बात सामने आ रही है।

इधर, जांच में जुटी पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद किया है। एसडीपीओ राहुल सिंह के नेतृत्व में पुलिस घटना की तफ्तीश कर रही है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची और अपने स्तर से जांच की। जदयू नेता के भाई अभिषेक कुमार ने बताया कि मंगलवार को उसके भाई अपने घर में थे। वह पीरो गया था। रात में घर लौटा, तो देखा कि उसके भाई जमीन पर खून से पूरी तरह लथपथ होकर गिरे हैं। उसके बाद परिजनों के साथ उन्हें इलाज के लिए पहले पीरो स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। उसके बाद आरा ले जाया जा रहा था। तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

उसने अपने भाई की गांव में किसी से दुश्मनी या विवाद की जानकारी होने से इनकार किया है।‌ इधर, सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में थानाध्यक्ष पवन कुमार सहित अन्य अफसर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी गयी। एसडीपीओ के अनुसार जांच के दौरान जदयू नेता के कमरे में खून फैला था। फर्श पर गोली के निशान भी पाये गये हैं। एक हथियार भी बरामद हुआ है। 

कहते है एसपी

भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने कहा कि अबतक की जांच में चला कि मंगलवार की संध्या में एक व्यक्ति के साथ जदयू नेता का झगड़ा हुआ था। उस क्रम में संभवत वह अपने घर से हथियार लेकर निकलना चाह रहे थे। तब परिजनों की ओर से रोक-टोक की जा रही थी। उस दौरान गोली चल गई और उनके पांव में लग गयी।  वहीं ज्यादा रक्तस्राव होने के कारण अस्पताल पहुंचने के क्रम में उनकी मृत्यु हो गयी।